टीकमगढ़ शहर के व्यस्त अस्पताल चौराहे पर गुरुवार सुबह करीब 6 बजे एक सड़क हादसा हो गया। झांसी रोड की ओर से आ रहे ट्रैक्टर को पीछे से तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में ट्रैक्टर पर सवार दो लोग घायल हो गए, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायलों की पहचान अशोक रैकवार और बृजकिशोर यादव के रूप में हुई है। घायल बृजकिशोर यादव ने बताया कि वह अपने साथी अशोक रैकवार के साथ झांसी रोड से ट्रैक्टर लेकर टीकमगढ़ आ रहे थे। ट्रैक्टर में टमाटर भरे हुए थे, जिन्हें शहर में बेचने के लिए लाया जा रहा था। इसी दौरान जब वे अस्पताल चौराहे पर पहुंचे, तभी पीछे से आए डंपर ने अचानक ट्रैक्टर को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों ट्रैक्टर से गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही 112 वाहन मौके पर पहुंचा और दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों को अस्पताल पहुंचाने में 112 के पायलट जहीर खान और पुलिसकर्मी राघवेंद्र की अहम भूमिका रही। दोनों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें भर्ती कर उपचार शुरू किया गया।
ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. मनोज गुप्ता ने बताया कि दोनों घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है। उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई है, हालांकि एहतियात के तौर पर चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को राहत मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए अस्पताल चौराहे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.