सारण जिले में दहेज की आग ने एक बार फिर एक बेटी की जिंदगी निगल ली है। जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र अंतर्गत मकसूदपुर गांव में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर एक नवविवाहिता की फांसी लगाकर हत्या कर देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका की पहचान गांव निवासी दिलीप कुमार की 22 वर्षीय पत्नी निभा कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतका के मायके और ससुराल दोनों पक्षों में कोहराम मच गया है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
बताया जाता है कि निभा कुमारी की शादी बीते 5 दिसंबर को पूरे सामाजिक रीति-रिवाज और धूमधाम से हुई थी। शादी में लड़की के परिवार ने अपनी हैसियत से बढ़कर पांच लाख रुपये नकद और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल दहेज में दी थी। इसके बावजूद ससुराल पक्ष का लालच खत्म नहीं हुआ। शादी के कुछ ही दिनों बाद से बुलेट मोटरसाइकिल की मांग को लेकर निभा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।
मृतका के परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
मृतका के परिजनों का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वालों ने उसकी फांसी लगाकर हत्या कर दी और मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। बताया गया कि मृतका का पति हैदराबाद एयरपोर्ट पर काम करता है और घटना की रात उसने निभा से मोबाइल पर बात भी की थी। सुबह जब घरवालों ने कमरे का दरवाजा खोला तो निभा का शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के दौरान मृतका के परिजन भी अस्पताल पहुंचे और फूट-फूट कर रोते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए।
ये भी पढ़ें- Degree College : बिहार में कहां-कहां खुलेंगे डिग्री कॉलेज, देख लें अपने इलाके की सूची; इसी साल से पढ़ाई होगी
पुलिस ने शुरू की जांच
सदर अस्पताल में अपर थानाध्यक्ष राज शेखर और एएसआई मृत्युंजय कुमार ने पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है और कॉल डिटेल समेत अन्य तकनीकी सबूतों की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि परिजनों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.