जिले के भादसोड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उदयपुर-चित्तौड़गढ़ सिक्स लेन हाईवे पर भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सिक्स लेन के बीच लगे सीमेंट डिवाइडर से टकरा गई और पलटी खा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और इंजन बोनट से उछलकर सर्विस रोड से दूर जा गिरा।
हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। एक व्यक्ति कार में बुरी तरह फंसा हुआ था, जिसे कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
ये भी पढ़ें: Rajasthan Crime: डीडवाना में एसबीआई एटीएम पर सनसनीखेज लूट, गैस कटर से काटकर 20 लाख से अधिक ले उड़े बदमाश
भादसोड़ा थानाधिकारी महेंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि हादसा सुबह करीब 7 बजे नरधारी गांव के पास हुआ। कार उदयपुर से चित्तौड़गढ़ की ओर जा रही थी। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला चिकित्सालय चित्तौड़गढ़ पहुंचाया गया, जहां दो लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।
हादसे की सूचना पर नेशनल हाईवे के मैनेजर नरेंद्र चौधरी, पूर्व प्रधान गोविंद सिंह सहित कई ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे। मृतक और घायल उदयपुर निवासी बताए जा रहे हैं। घायल की पहचान प्रवीण के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतकों के शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए हैं और परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के आने के बाद शवों की शिनाख्त और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.