चित्तौड़गढ़ में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है और सर्दी के बीच अब हल्की गर्मी का एहसास होने लगा है। पिछले कुछ दिनों से तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को सुबह और दिन के समय ठंड से कुछ राहत मिल रही है। खासतौर पर दिन में तेज धूप
दिसंबर के महीने में आमतौर पर जहां कड़ाके की ठंड देखने को मिलती है, वहीं इस बार मौसम कुछ अलग नजर आ रहा है। बदलते मौसम के कारण आमजन की दिनचर्या पर भी असर पड़ रहा है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से आगामी एक-दो दिन हल्के बादल छा सकते हैं।
पिछले 3 दिनों में लगातार बढ़ा अधिकतम और न्यूनतम तापमान
मौसम के आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले तीन दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शनिवार को चित्तौड़गढ़ का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे एक दिन पहले शुक्रवार को अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस रहा था। इन आंकड़ों से साफ है कि ठंड का असर कुछ दिनों से धीरे-धीरे कम हो रहा है और तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर बना हुआ है।
सुबह तेज धूप से लोगों को सर्दी में गर्माहट महसूस
रविवार की सुबह भी चित्तौड़गढ़ में तेज धूप के साथ हुई, जिससे सुबह-सुबह ही मौसम सुहावना नजर आया। जहां पहले लोग सुबह के समय ठिठुरन महसूस करते थे, वहीं अब धूप निकलते ही हल्की गर्माहट महसूस होने लगी है। सर्दी के मौसम में इस तरह की धूप से बुजुर्गों और बच्चों को भी राहत मिल रही है।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी सप्ताह ड्राई रहने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले एक सप्ताह तक चित्तौड़गढ़ जिले में मौसम ड्राई बना रहने की संभावना है। विभाग का कहना है कि किसी बड़े मौसम तंत्र के सक्रिय नहीं होने के कारण बारिश या तेज ठंड की फिलहाल कोई संभावना नहीं है। हालांकि एक कमजोर वेस्टर्न डिस्टरबेंस के आंशिक प्रभाव से आगामी एक-दो दिन हल्के बादल छा सकते हैं। इसके चलते न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री तक की हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे ठंड का असर और कम हो सकता है।
आने वाले दिनों में शीत लहर से राहत की उम्मीद
मौसम विभाग ने साफ किया है कि फिलहाल चित्तौड़गढ़ में शीत लहर को लेकर कोई भी अलर्ट जारी नहीं किया गया है। आगामी दिनों में न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रहने की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को ठंड से राहत मिल सकती है। हालांकि 18 से 20 दिसंबर के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसका असर आगे देखने को मिल सकता है। फिलहाल जिले में मौसम सामान्य और साफ रहने के आसार हैं, जिससे जनजीवन सामान्य बना रहेगा।