Bikaner Sports: बीकानेर को राज्य सरकार ने स्पोर्ट्स कॉलेज की सौगात दी है, जिसके एडमिशन अगले सत्र से शुरू होने की संभावना है. विधायक जेठानंद व्यास ने बताया कि स्पोर्ट्स स्कूल के बाद अब 12वीं कक्षा के छात्रों को उच्च शिक्षा मिलेगी. कॉलेज के लिए सादुल स्पोर्ट्स स्कूल की जमीन पर विचार किया जा रहा है, लेकिन बजट आवंटन को लेकर स्पष्टता का इंतजार है.
विधायक जेठानंद व्यास ने बताया कि सरकार ने बीकानेर के लिए स्पोर्ट्स कॉलेज की सौगात दी है. यह स्पोर्ट्स कॉलेज बीकानेर के लिए काफी महत्वपूर्ण है, क्योंकि पूरे राजस्थान की यहाँ एकमात्र स्पोर्ट्स स्कूल है, इसलिए सरकार ने यहाँ स्पोर्ट्स कॉलेज भी दिया है. यहाँ के विद्यार्थी कक्षा 12वीं के बाद स्पोर्ट्स कॉलेज में जाकर उच्च शिक्षा और विकास कर सकें, इसके लिए हमने सरकार से मांग की थी, जो सरकार ने हमें दिया है और अतिशीघ्र यह स्पोर्ट्स कॉलेज जल्द शुरू होगा. हाल ही में मैंने जयपुर में मुख्यमंत्री और खेल मंत्री से बात की है, यह जल्द शुरू हो जाएगा.
जमीन चिन्हित करने में अड़चन
कॉलेज के लिए जमीन चिन्हित करने का काम चल रहा है. अभी जिला प्रशासन ने जमीन के लिए सादुल स्पोर्ट्स स्कूल की जमीन को स्पोर्ट्स कॉलेज के लिए चुना था. विधायक ने बताया कि अगर दोनों का (स्कूल और कॉलेज) बजट एक ही मिलता है, तो यहाँ नहीं खोल सकते हैं. अगर दोनों का बजट अलग-अलग है, तो इस जगह पर स्पोर्ट्स कॉलेज खोलने में कोई परेशानी नहीं है. इसके लिए हमने अलग से बजट की व्यवस्था के बारे में भी कहा है कि यदि यहाँ खोलते हैं तो इसके लिए अलग से बजट दिया जाए. इसके लिए जिला प्रशासन दूसरी जगह भी जमीन देखने का प्रयास कर रहा है.
बीकानेर पश्चिम में खेल ग्राउंड की मांग
इसके अलावा विधायक जेठानंद व्यास ने बीकानेर पश्चिम विधानसभा में खेल ग्राउंड की मांग सरकार से की है. सरकार से जब भी अनुमति मिलेगी तो बीकानेर पश्चिम में भी एक खेल ग्राउंड शुरू किया जाएगा. अब बीकानेर डेवलपमेंट अथॉरिटी (BDA) बना है तो आस-पास जमीनें भी खूब मिलेंगी.