अशोकनगर के देहात थाना क्षेत्र में तीन साल का एक बच्चा नए बस स्टैंड पर भटकता मिला। पुलिस ने तत्परता से कुछ ही समय में बच्चे को उसके परिवार से मिला दिया। यह घटना गुरुवार दोपहर की है।
बच्चा दोपहर के समय कुछ स्कूली बच्चों के पीछे-पीछे रोते हुए जा रहा था। स्थानीय लोगों की नजर उस पर पड़ी। उन्होंने बस स्टैंड पर तैनात यातायात थाने के प्रधान आरक्षक अजय कुशवाह को इसकी जानकारी दी और बच्चे को उनके पास ले गए।
प्रधान आरक्षक कुशवाह ने तत्काल देहात थाना प्रभारी भुवनेश शर्मा को सूचित किया। सूचना मिलने पर प्रधान आरक्षक देवेंद्र खटीक और पुष्पेंद्र जाट मौके पर पहुंचे। उन्होंने बच्चे से उसके घर के बारे में पूछा, लेकिन वह कुछ बता नहीं पा रहा था। आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर भी बच्चे की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने बच्चे की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा कर जानकारी जुटाने का प्रयास किया।
पुलिस बच्चे को थाने ले जा रही थी, तभी उन्हें जानकारी मिली कि बस स्टैंड स्थित यातायात चौकी पर बच्चे के परिजन पहुंच गए हैं। इसके बाद परिवार को देहात थाने बुलाया गया। परिजनों ने बताया कि वे नहर कॉलोनी में रहते हैं और बच्चा घर के बाहर खेलते-खेलते निकल गया था। परिवार के लोग भी उसकी तलाश कर रहे थे। पुलिस ने बच्चे को उसके पिता को सौंप दिया।