-कक्षा एक से पांच तक के बच्चों का किया जाएगा टीकाकरण
-सीएमओ ने आशा, एएनएम को शत-प्रतिशत टीकाकरण करने को कहा
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। स्वास्थ्य विभाग ने खसरा और रूबेला की रोकथाम के लिए एक विशेष टीकाकरण अभियान सोमवार से शुरू किया है। यह अभियान 27 फरवरी तक चलेगा। इसमें कक्षा 1 से 5 तक के कुल 82,516 बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा।
सीएमओ डॉ. बीके सिंह की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई थी। इसमें बताया गया कि नौ माह से 5 साल तक आयु का कोई भी बच्चा टीकाकरण से छूटना नहीं चाहिए। इसके लिए स्कूलों के अलावा जिले के सभी प्ले स्कूल, कोचिंग सेंटर और आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को टीके लगाए जाएंगे। ईंट भट्ठों पर भी टीकाकरण की व्यवस्था की गई है।
डॉ. श्रीनिवास ने जानकारी दी कि टीकाकरण के लिए मोबाइल टीमों का भी गठन किया जाएगा। शिक्षा विभाग के सहयोग से प्ले स्कूलों की सूची तैयार की गई है। स्कूल ड्रॉप आउट बच्चों की पहचान कर उन्हें भी टीके लगाए जाएंगे। सभी स्कूलों से नोडल शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है ताकि वे अभियान में सहयोग कर सकें।
टीकाकरण में सावधानी
टीकाकरण अभियान में पूरी सावधानी बरती जाएगी। इसके लिए विशेष सिरिंज का प्रयोग किया जाएगा। एक सिरिंज से केवल एक ही बच्चे को टीका लग सकेगा। स्कूलों में होने वाली पीटीएम के माध्यम से अभिभावकों में भी जागरूकता लाई जाएगी। इससे बच्चों के माता-पिता में किसी प्रकार का कोई भ्रम या आशंका नहीं रहेगी। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी बच्चे सुरक्षित रूप से टीका लगवाएं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.