पलामू के पड़वा थाना क्षेत्र के माधुरी जंगल से पुलिस ने गुरुवार को 64.3 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है। इस मामले में गढ़वा के एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। बरामद ब्राउन शुगर की अनुमानित कीमत 1 लाख 20 हजार रुपए बताई जा रही है।
एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि पड़वा थाना पुलिस जब कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची, तो एक युवक ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पकड़े गए युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से ब्राउन शुगर बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान गढ़वा के साई मोहल्ला निवासी मुमताज के रूप में बताई। उसने स्वीकार किया कि वह बिहार के सासाराम और गढ़वा से ब्राउन शुगर लाकर पड़वा और मेदिनीनगर में बेचता था। तस्कर के पैंट की दोनों जेबों से ब्राउन शुगर मिली, जिसमें एक पैकेट में 54 ग्राम और दूसरे में 9.5 ग्राम थी।
पुलिस के अनुसार, मुमताज पिछले छह माह से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में सक्रिय था। वह एक पुड़िया को 2700 रुपए में बेचता था। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.