कैथल। जिले के सरकारी स्कूल की छात्राओं को विभाग की तरफ सेनेटरी पैड दिए जाएंगे। कक्षा 6 से 12वीं तक की छात्राओं को ये पैड वितरित किए जाने हैं। जिले में 61718 सेनेटरी पैड वितरित किए जाएंगे। प्रदेश में कुल 1143919 लाख सैनेटरी पैड वितरित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस अभियान के तहत सबसे ज्यादा गुरुग्राम में 8 लाख 13 हजार 890 पैड बांटे जाएंगे, सबसे कम 18106 दादरी में दिए जाएंगे। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि यह पहल छात्राओं की नियमित उपस्थिति बढ़ाने और मासिक धर्म के दौरान होने वाली असुविधाओं को कम करने में मददगार साबित होगी।
शिक्षा विभाग ने वितरण प्रक्रिया को सुव्यवस्थित बनाने के लिए छात्राओं को दो वर्गों कक्षा 6 से 8 और कक्षा 9 से 12 में बांटा है। प्रत्येक छात्रा को हर महीने 10 सैनेटरी पैड उपलब्ध कराए जाएंगे, पांच प्रतिशत, प्रति स्कूल में अलग से दिए जाएंगे। स्कूल स्तर पर नोडल अध्यापकों की निगरानी में वितरण किया जाएगा, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और हर जरूरतमंद छात्रा तक सुविधा पहुंचे।
देना होगा वितरण का विवरण
शिक्षा विभाग ने वितरण की नियमित मानीटरिंग के लिए ब्लाक और जिला स्तर पर अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। प्रत्येक स्कूल से मासिक रिपोर्ट ली जाएगी, जिसमें वितरण की संख्या और लाभांवित छात्राओं का विवरण शामिल होगा। कई छात्राएं अब भी मासिक धर्म के दौरान पर्याप्त संसाधनों के अभाव में स्कूल नहीं आ पातीं। ऐसे में यह योजना उनके लिए राहत लेकर आएगी। निशुल्क सैनेटरी पैड उपलब्ध होने से छात्राओं का आत्मविश्वास बढ़ेगा और ड्रापआउट दर में भी कमी आएगी। अक्सर कई बार आर्थिक तंगी के कारण छात्राएं उचित स्वच्छता साधनों का उपयोग नहीं कर पातीं, जिससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो जाती हैं।
जिला गणित विशेषज्ञ छत्रपाल ने बताया कि जिले में कक्षा छठी से 12वीं तक के छात्राओं को सेनेटरी पैड वितरित किए जाएंगे। इसके लिए योजना तैयार कर ली गई है। दो चरणों में पैड वितरित किए जाएंगे। यह योजना सरकारी स्कूलों की छात्राओं के लिए यह पहल स्वास्थ्य, स्वच्छता और आत्म-सम्मान की दिशा में सराहनीय कदम है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.