विदिशा में डकैती डालकर सागर में छिपे थे बदमाश
जानकारी के अनुसार, बीते शुक्रवार की रात विदिशा जिले के त्योंदा थाना क्षेत्र के रायखेड़ी गांव में सनसनीखेज वारदात हुई थी। लुटेरों ने ब्रजबिहारी पटेल के घर में घुसकर परिजनों को कट्टे की नोक पर बंधक बनाया और लूटपाट कर फरार हो गए थे। ये बदमाश लूट का माल लेकर सागर जिले के राहतगढ़ थाना अंतर्गत पिपारिया खास गांव की ओर भाग निकले थे।
ये भी पढ़ें- गंजबासौदा में लुटेरों का कहर, परिवार को बंधक बनाकर 77 लाख की लूट, जेवर और 8 लाख नकद ले गए
112 की कॉल ने बिगाड़ा लुटेरों का खेल
राहतगढ़ एसडीओपी योगेंद्र प्रताप सिंह भदौरिया ने बताया कि पिपारिया गांव से डायल 112 पर एक इवेंट आया था। कॉलर ने सूचना दी कि चार अज्ञात लोग तलवार लेकर एक घर का दरवाजा तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस की गाड़ी देखते ही बदमाश बाइक पर सवार होकर भागने लगे। इसी हड़बड़ाहट में एक बाइक से छोटू पटेल नाम का आरोपी गिर गया, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया।
55 लाख का मशरूका बरामद
पुलिस ने जब पकड़े गए आरोपी की तलाशी ली, तो उसके पास से भारी मात्रा में गहने और कैश मिला। पुलिस ने मौके से कुल 55 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है, जिसमें 5 लाख 58 हजार रुपये नगद शामिल हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है और फरार तीन अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.