जिले में अवैध बालू खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 06 जनवरी 2026 को अनुमंडल पदाधिकारी बांका, जिला खनन पदाधिकारी बांका, खनन विभाग की टीम व 20 सशस्त्र जिला पुलिस बलों के साथ अमरपुर एवं रजौन अंचल अंतर्गत चान्दन नदी क्षेत्र में रात्रि के अंधेरे में व्यापक स्तर पर छापेमारी अभियान चलाया गया।
छापेमारी दल को देखते ही अवैध खनन में संलग्न लोग वाहन लेकर भागने लगे, किंतु टीम द्वारा सुनियोजित कार्रवाई करते हुए भागते हुए कुल 4 ट्रैक्टर वाहनों को घेरकर जब्त कर लिया गया। वाहन चालक मौके से फरार हो गए। इसके पश्चात जब्त सभी वाहनों को उपलब्ध गृह रक्षकों की सहायता से रजौन थाना परिसर में सुरक्षार्थ रखा गया। इस संबंध में सभी वाहन मालिकों के विरुद्ध रजौन थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है तथा कुल 4.82 लाख रुपए का दंड अधिरोपित किया गया है। ज्ञात हो कि बांका डीएम एवं एसपी बांका के निर्देश के आलोक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान बांका जिला अंतर्गत खनिजों के अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध अब तक 1141 छापेमारी की गई है, जिसमें 172 वाहनों की जब्ती, 146 प्राथमिकी दर्ज तथा कुल 498.36 लाख रुपए का दंड अधिरोपित किया गया है। वहीं अमरपुर एवं रजौन थाना अंतर्गत खनन मामलों में कुल 41 प्राथमिकी, 16 गिरफ्तारी एवं 45 वाहनों की जब्ती की गई है। बांका डीएम एवं एसपी द्वारा जिले में बालू के अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाने हेतु लगातार छापेमारी अभियान चलाते हुए सख्त एवं निरंतर कार्रवाई जारी रखने का निर्देश दिया गया है। उनके द्वारा स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाए तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.