पंजाब की 2838 पंचायत समिति और 347 जिला परिषद की सीटों के लिए रविवार को बैलेट पेपर से मतदान हुआ। पंचायत समिति के 8098 और जिला परिषद के 1249 उम्मीदवारों की किस्मत मतपेटी में बंद हो गई। पंचायत व जिला परिषद चुनाव में 48 प्रतिशत मतदान हुआ है। चुनाव आयोग के अनुसार कुछ जिलों में देर शाम तक मतदान जारी रहा जिसके चलते मतदान प्रतिशत में बढ़ोतरी हो सकती है। रविवार को जालंधर समेत कई शहरों में घनी धुंध थी, इसके बावजूद लोग सुबह से ही वोट डालने पहुंच गए थे।
कई जगह बूथ कैप्चरिंग की कोशिश की गई जिसको लेकर हुई मारपीट में कुछ लोग जख्मी भी हुए हैं। अकाली और आप वर्करों के बीच ईंट-पत्थर भी चले। चुनाव के दौरान दलों ने एक दूसरे पर पैसे और शराब बांटने का भी आरोप लगाया। अमृतसर में दो जगहों पर चुनाव रद्द करना पड़ा जबकि बरनाला में दोबारा चुनाव करवाने का फैसला लिया गया। फिरोजपुर के गांव फत्तूवाला में मतदान के दौरान भाजपा के उम्मीदवार जगदीप सिंह पर हमला हुआ है।
जगदीप ने आरोप लगाया कि मतदान के दौरान शिरोमणि अकाली दल के कार्यकर्ताओं ने उन पर कैंची से हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। उसे जख्मी हालत में स्थानीय अस्पताल में दाखिल कराया गया। जगदीप ने बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाया है। इसी तरह तलवंडी साबो के गांव फतहगढ़ नो आबाद में शिरोमणि अकाली दल के पूर्व जिला परिषद सदस्य गुरप्रताप सिंह पर कुछ अज्ञात लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में उनकी एक टांग टूट गई है जिसके बाद गंभीर हालत में सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इसके अलावा तरनतारन विधानसभा क्षेत्र के गांव काजीकोट कलां में शिअद और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हो गई। दोनों पक्षों के बीच ईंट-पत्थर चले और गोली भी चली जिसमें चार लोग घायल हुए हैं। हलवारा के दाखा में आप के पंचायत समिति के प्रत्याशी कुलजीत कौर के बेटे वरिंदर सिंह पर भी जानलेवा हमला हुआ। वारदात के बाद पुलिस ने पूर्व सरपंच समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इसी तरह अमृतसर में भी छिटपुट हिंसा की घटनाएं हुई हैं। आप नेता सोनिया मान ने आरोप लगाया कि कांग्रेसी नेताओं ने अपने समर्थकों को भेजकर आप कार्यकर्ताओं पर हमला करवाया है। सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हुआ जो शाम 4 बजे तक जारी रहना था लेकिन कई मतदान केंद्रों पर भारी भीड़ जुटने के कारण देर शाम तक मतदान जारी रहा। सीएम भगवंत मान ने भी संगरूर जाकर मतदान किया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.