बिलासपुर में 18,684 इंतकाल, 1,235 तकसीम, 2,190 हुईं निशानदेही
घुमारवीं में जन समस्याएं सुनते हुए मंत्री ने दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पहली बार तहसील व उप-तहसील स्तर पर विशेष राजस्व लोक अदालतों का आयोजन कर दिसंबर 2025 तक प्रदेश भर में लगभग 4.62 लाख राजस्व मामलों का निपटारा किया है। मंत्री बुधवार को लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह घुमारवीं में जन समस्याएं सुनने के दौरान बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि सरकार की इस पहल से भूमि मालिकों को बड़ी राहत मिली है और वर्षों से लंबित मामलों का समयबद्ध समाधान संभव हो पाया है। बताया कि अक्तूबर 2023 से दिसंबर 2025 तक विशेष राजस्व लोक अदालतों के माध्यम से प्रदेश स्तर पर लगभग 3.85 लाख इंतकाल, 24 हजार तकसीम, 42 हजार निशानदेही, करीब 12 हजार राजस्व त्रुटियों के मामलों का निपटारा किया गया है। बिलासपुर में इसी अवधि के दौरान 18,684 इंतकाल, 1,235 तकसीम, 2,190 निशानदेही और 478 राजस्व दुरुस्ती के मामलों का निपटारा हुआ है। धर्माणी ने कहा कि राजस्व लोक अदालतें प्रत्येक माह के अंतिम दो दिन तहसील व उप-तहसील स्तर पर आयोजित की जा रही हैं, जिससे लोगों को अपने राजस्व मामलों के समाधान के लिए भटकना नहीं पड़ रहा। कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के माध्यम से प्रशासनिक व विभागीय अधिकारी गांव-गांव जाकर समस्याएं सुन रहे हैं और मौके पर ही समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं। इस दौरान मंत्री ने लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकांश मामलों का मौके पर ही निपटारा किया। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय किक बॉक्सिंग खिलाड़ी अखिल ठाकुर ने मंत्री से भेंट की। मंत्री ने जिला के देलग गांव निवासी अखिल ठाकुर को 5वीं इंडियन ओपन इंटरनेशनल किक बॉक्सिंग कप में स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी। अखिल ने 94 किलोग्राम भार वर्ग की किक लाइट स्पर्धा में टीम इंडिया का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।
इससे पूर्व वह एशिया स्तर पर स्वर्ण, वर्ल्ड कप में रजत सहित अब तक आठ अंतरराष्ट्रीय पदक जीत चुके हैं। इसके अलावा अखिल ठाकुर ने सीनियर नेशनल चैंपियनशिप में लगातार चार बार स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा और निरंतरता का परिचय दिया है। मंत्री ने आशा जताई कि वह भविष्य में भी प्रदेश व देश का नाम रोशन करते रहेंगे।