चुराह में अवैध कटान का मामला : व्यक्ति ने महिला पर लगाया अवैध कटान का आरोप, जांच में फंसे दोनों
महिला के घर से मिले 34 और शिकायतकर्ता के घर से मिले छह स्लीपर
दोनों के पास लकड़ी को लेकर नहीं मिले दस्तावेज, विभाग कर रहा कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। वन मंडल चुराह में विभाग ने अवैध कटान के शिकायतकर्ता और आरोपी दोनों के घरों से देवदार लकड़ी के 15 और कायल के 25 स्लीपर पकड़े। मान सिंह ने वन विभाग में शिकायत दर्ज करवाई कि कस्तूरी देवी ने अपने घर पर जंगल से देवदार के पेडों का अवैध कटान करवाकर स्लीपर छुपा रखे हैं।
विभाग ने इस मामले में गंभीरता दिखाते हुए एक टीम का गठन किया और महिला के घर की तलाशी का सर्च वारंट जारी किया। जब टीम ने महिला के घर की तलाश ली तो वहां पर कुल 34 स्लीपर बरामद हुए। इसमें नौ देवदार और 24 कायल की लकड़ी के थे। इसी महिला ने शिकायत कर्ता मान सिंह पर भी अवैध रूप से देवदार की लकड़ी घर पर रखने का आरोप लगाया। निष्पक्ष जांच करते हुए जब विभागीय टीम शिकायतकर्ता मान सिंह के घर की तलाशी करने पहुंची तो वहां पर उन्हें छह देवदार के स्लीपर मिले। इन दोनों के पास इन स्लीपरों से संबंधित कोई भी दस्तावेज नहीं मिला। इससे यह साबित होता है कि यह स्लीपर अवैध कटान से जमा किए गए थे। इन स्लीपरों की मार्केट वैल्यू करीब ढ़ाई लाख रुपये आंकी गई है।
वन विभाग इस कार्रवाई को अंजाम देने के लिए अपने साथ बणंतर पंचायत के प्रधान भीलो राम और वार्ड सदस्य बाली को भी साथ लिया। उनके सामने सर्च अभियान चलाया गया और घरों से जो लकड़ी बरामद हुई उसकी कार्रवाई भी उनके सामने ही की गई। विभाग ने स्लीपरों को अपने कब्जे में ले लिया है। अब इस बात की तफ्तीश की जा रही है कि आखिरकार ये स्लीपर किस जंगल से पेडों को काटकर लाए गए। उन पेडों की भी निशानदेही विभाग करवा सकता है।
सीएम पोर्टल पर की थी शिकायत
शिकायतकर्ता ने महिला के खिलाफ अवैध कटान की शिकायत सीएम पोर्टल पर भी की थी। ऐसे में जब यह शिकायत विभाग के पास पहुंची तो तुरंत कार्रवाई अमल में लाई गई। लेकिन जांच के दौरान शिकायत कर्ता के घर पर भी लकड़ी बरामद हुई।
इनसेट
अवैध कटान की शिकायत करने और आरोपी दोनों के घरों से देवदार की लकड़ी के स्लीपर बरामद हुए हैं। दोनों के पास लकड़ी से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं मिला है। विभाग इस मामले में गहनता से जांच कर रहा है। – सुशील कुमार गुलेरिया,वन मंडल अधिकारी
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.