घी, रसगुल्ला व दही के नमूने लैब भेजे
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। नूंह शहर के ओल्ड नल्हड़ रोड स्थित वार्ड-12 में संचालित मोहन फूड ट्रेडर्स डेरी पर मंगलवार को प्रशासन ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान टीम ने 1898 किलोग्राम घी सीज किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 13,28,600 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा घी, रसगुल्ला और दही के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं।
यह कार्रवाई उपायुक्त के निर्देश पर खाद्य पदार्थों में मिलावट की शिकायतों के मद्देनजर की गई। छापेमारी में एसडीएम अंकिता पंवार, सदर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार और खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप कुमार शामिल रहे। खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि मौके पर डेरी संचालक आनंद शर्मा से संचालन संबंधी लाइसेंस मांगा गया, लेकिन वह कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। प्राथमिक जांच में डेरी अवैध रूप से संचालित पाई गई। टीम को छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में घी के डिब्बे मिले, जिन्हें तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया। साथ ही मौके पर उपलब्ध घी, रसगुल्ला और दही के तीन नमूने लेकर विधि अनुसार सीलबंद किए गए और आगे की जांच के लिए लैब भेजे गए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि लैब रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी। यदि नमूनों में मिलावट पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे। खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने कहा कि जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता अवश्य जांचें और किसी भी प्रकार की मिलावट की सूचना प्रशासन को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा सके।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.