सरगुजा जिले के सेदम निवासी किसान को गड़ा सोना दिलाने का झांसा देकर कथित तांत्रिक ने 13 लाख रुपये नगद एवं सोने, चांदी के जेवरातों की ठगी कर ली। तांत्रिक ने किसान परिवार को रायपुर बुलाकर 13 लाख रुपये नगद के साथ ही उनके पास से सोने,चांदी के जेवरात ले लिए
जानकारी के मुताबिक, सेदम निवासी किसान महेंद्र सिंह पैकरा (37 वर्ष) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 5 अक्टूबर की सुबह उनके घर सूरज तिवारी नाम का साधु आया था। उसने घर के अंदर गड़ा सोना निकालने का झासा दिया। साथ ही बताया कि महेंद्र सिंह पैकरा की बेटी पर किसी ने जादू-टोना किया है। सूरज तिवारी ने स्वयं को नासिक का निवासी बताया था।
गड्ढा खोदकर गड़वाए नारियल, रायपुर बुलाकर ली रकम कथित तांत्रिक सूरज तिवारी ने महेंद्र सिंह पैकरा के घर के आंगन में एक गड्ढा खोदने कहा और उसमें पांच नारियल गड़वा दिया। वहां सुबह शाम दिया जलाने के लिए परिवार के सदस्यों से कहा। उसने कहा कि 13 लाख रुपए की व्यवस्था होते तक रोज दीप जलाएं। 13 लाख रुपए एकत्र हो जाने पर वह उन्हें दवा देगा।
महेंद्र सिंह पैकरा के पास जब 13 लाख रुपए एकत्र हो गए तो उन्होंने सूरज तिवारी को फोन किया। सूरज तिवारी ने उन्हें पैसे लेकर रायपुर बुलाया। महेंद्र पैकरा एवं उसकी पत्नी अक्टूबर माह में ही रायपुर पहुंचे तो रायपुर बस स्टैंड में सूरज तिवारी ने उनसे 13 लाख रुपए ले लिया और उन्हें दवा का डब्बा दिया।
सूरज तिवारी ने उन्हें झांसा देते हुए महेंद्र पैकरा की पत्नी से सोने के कान की बाली एवं तीन नग पायल भी ले लिया। सूरज तिवारी ने कहा कि दवा को गड्ढे में डाल देना। हम लोग आएंगे और गड्ढा खोदेंगे तो उसमें सोने व चांदी से भरे मटके निकलेेंगे। कुल 11 करोड़ का सोना एवं चांदी निकलेगा, जिसके लिए वह दिल्ली से खरीदार लेकर आएगा। कथित तांत्रिक ने दोनों पति-पत्नी का मोबाइल भी लेकर अपने पास रख लिया।
नहीं लौटा तांत्रिक, पुलिस में दर्ज कराई शिकायत महेंद्र पैकरा एवं उसकी पत्नी वापस सेदम लौट आए और उन्होंने तांत्रिक द्वारा दी गई दवा गड्ढे में डाल दी। करीब डेढ़ माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी जब तांत्रिक नहीं लौटा को परिवारजनों को शक हुआ। उन्होंने गड्ढा खोदा तो उसमें से दबा हुआ नारियल मिला।
महेंद्र सिंह पैकरा ने मामले की रिपोर्ट बतौली थाने में दर्ज कराई। रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 318 (4) BNS के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है। कथित तांत्रिक का नंबर बंद मिल रहा है। पुलिस उसकी पड़ताल में जुटी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.