अरवल में लोक जनशक्ति पार्टी के पूर्व विधायक स्वर्गीय दुलारचंद सिंह यादव की 12वीं पुण्यतिथि मनाई गई। यह समारोह उनके पैतृक आवास, जिला मुख्यालय के ग्राम मोथा में स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक आयोजित किया गया।
पुण्यतिथि समारोह की अध्यक्षता लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के जिलाध्यक्ष सत्येन्द्र रंजन ने की।
इस मौके पर उपस्थित सभी लोगों ने स्वर्गीय दुलारचंद सिंह यादव को लोक जनशक्ति पार्टी का समर्पित विधायक बताया। उन्होंने कहा कि दुलारचंद सिंह यादव ने गरीबों, दलितों, पिछड़ों, शोषितों और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों के संपूर्ण विकास के लिए सड़क से लेकर सदन तक जीवन पर्यंत संघर्ष किया। वे विषम परिस्थितियों में भी लोक जनशक्ति पार्टी के एक अनुशासित सिपाही की तरह डटे रहे।
लोक जनशक्ति पार्टी के संस्थापक और भारत सरकार के पूर्व केंद्रीय मंत्री पद्म भूषण स्वर्गीय रामविलास पासवान उन्हें स्नेह और सम्मान के साथ ‘स्टील विधायक’ कहकर पुकारते थे।
इस अवसर पर पूर्व सांसद डॉ. अरुण कुमार, स्थानीय विधायक मनोज शर्मा, कुर्था विधायक पप्पू वर्मा, लोजपा (रामविलास) के प्रदेश महासचिव सुनील यादव, जदयू जिलाध्यक्ष मिथिलेश यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी और रेल संघर्ष समिति के संयोजक मनोज यादव सहित कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
पुण्यतिथि समारोह में उनकी धर्मपत्नी कलावती कुंवर, पुत्र विजय क्रांति, अभिषेक कुमार, अखंड भारती, लालचंद यादव, चंद्रदेव यादव, अमितेश कुमार और भाजपा नेता दीपक शर्मा सहित सैकड़ों लोग शामिल हुए।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.