दबोह नगर में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक की पहचान मुकेश कुरचानिया के रूप में हुई, जिसकी लहार में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस मामले में देर रात दो लोगों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया है। दबोह पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार दबोह निवासी मुकेश कुरचानिया वार्ड क्र.15 में सब्जी मंडी गेट के सामने बाजार के बीच बाइक पर जाते समय अज्ञात लोगों ने पीठ में गोली मार दी थी। कुछ दूर आगे जाकर मुकेश शराब ठेके के सामने जमीन पर गिर पड़ा। उसके पैरों के पास एक अवैध कट्टा भी पड़ा मिला था। मुकेश को तत्काल इलाज के लिए लहार सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने पुलिस थाने के सामने मुख्य मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। यह जाम लहार एसडीओपी प्रवीण त्रिपाठी के आश्वासन के बाद काफी देर बाद खोला गया।
ये भी पढ़ें- बालाघाट में दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत, तेज रफ्तार बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई
दबोह थाना पुलिस ने आरोपी अमित यादव पुत्र राजेश यादव निवासी धनपीपरी, थाना पंडोखर, और भगवान सिंह जाटव निवासी दबोह के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। मृतक मुकेश कुरचानिया उर्फ गिर्रोड़े का आपराधिक रिकॉर्ड था। बताया जा रहा है कि उसका कई लोगों से विवाद चल रहा था और उसके खिलाफ दबोह थाने में पहले से कई मामले दर्ज थे। कई लोगों से विवाद के चलते वह हमेशा अपने साथ हथियार भी रखता था। इस मामले में लहार एसडीओपी प्रवीण त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.