आगर मालवा जिले के पीएम एक्सीलेंस शासकीय नेहरू कॉलेज में शुक्रवार को युवा संगम रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया गया।
इस मेले में कुल 209 युवाओं ने पंजीयन कराया, जिनमें से विभिन्न कंपनियों के साक्षात्कार के बाद 101 युवाओं का रोजगार के लिए प्रारंभिक चयन किया गया। इसके अलावा, स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए 8 हितग्राहियों को 34.40 लाख रुपए के लोन स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
110 विद्यार्थियों की करियर काउंसलिंग
रोजगार चयन के साथ ही 35 आवेदकों का प्रशिक्षण के लिए चयन किया गया। उद्योग विभाग के माध्यम से 26 आवेदकों का स्टार्टअप और स्वरोजगार के लिए पंजीयन हुआ, जबकि मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के तहत 10 युवाओं ने पंजीकरण कराया। इसके अतिरिक्त, 110 विद्यार्थियों को करियर काउंसलिंग भी प्रदान की गई।
कंपनियों और संस्थाओं ने लिया भाग
मेले में चैकमेट सर्विसेज, बैंक ऑफ इंडिया, एसबीआई लाइफ, ऊसरा फाउंडेशन, टीएसपीएल पुणे, रव्या वर्कफोर्स गुजरात और मिटकॉन पुणे जैसी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। उन्होंने युवाओं के साक्षात्कार लिए और उन्हें विभिन्न रोजगार अवसरों की जानकारी दी।
इस अवसर पर उद्योग विभाग, आदिम जाति कल्याण विभाग, श्रम विभाग, आईटीआई सुसनेर, पॉलिटेक्निक महाविद्यालय और नेहरू महाविद्यालय के प्राध्यापक और स्टाफ मौजूद रहे। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और बेरोजगार युवा भी मेले में शामिल हुए। महाविद्यालय स्टाफ ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

अधिकारियाें ने बताया कि यह मेला तकनीकी शिक्षा, कौशल और रोजगार विभाग, मध्यप्रदेश के निर्देशन में आयोजित किया गया था, जिसका उद्देश्य युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना था।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.