विदेश में बेहतर भविष्य का सपना दिखाकर यमुनानगर के एक युवक से लाखों रुपये ठगने और उसका असली पासपोर्ट हड़पने का मामला सामने आया है। जगाधरी निवासी कशिश कुमार ने आरोप लगाया है कि दो आरोपियों ने उसे कनाडा और रूस भेजने का झांसा देकर 3.20 लाख रुपये ऐंठ लिए। इतना ही नहीं, काम न बनने पर जब उसने अपने पैसे और दस्तावेज वापस मांगे तो आरोपियों ने जान से मारने और झूठे केस में फंसाने की धमकियां भी दीं। शिकायत के आधार पर थाना शहर जगाधरी में धोखाधड़ी व इमीग्रेशन एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आर्मेनिया में हुई सलमान खान से मुलाकात पुलिस को दी शिकायत में कशिश कुमार निवासी अशोक विहार, जगाधरी ने बताया कि 2024 में वह वर्क वीजा पर आर्मेनिया गया था। वहां उसकी मुलाकात आरोपी सलमान खान निवासी न्यु फैसल नगर, अहमदाबाद शहर गुजरात से हुई, जिसने अपने भाई शाहरूख खान निवासी धमसेनी, बिरसनी, जालोन, उतर प्रदेश के माध्यम से उसे कनाडा में वर्क वीजा पर भेजने का झांसा दिया। आरोपियों ने कुल 12 लाख रुपये खर्च बताकर पहले चरण में 6 लाख रुपये भारत में देने की बात कही। शिकायतकर्ता ने उनकी बातों में आकर अगस्त 2024 में अपने भाई अभिषेक के बैंक खाते से डेढ़ लाख रुपये आरोपी के खाते में ट्रांसफर किए, 80 हजार नगद दिए तथा एक लाख रुपए आरोपी के बताए दूसरे खाते में डलवाए। दिल्ली बुलाकर होटल में रुकवाया आरोपियों ने आश्वासन दिया था कि 90 दिन में काम न होने पर पूरी राशि खर्च सहित लौटा दी जाएगी। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों ने उसे आर्मेनिया से भारत बुलाया और दिल्ली के एक होटल में एक महीने तक रुकवाया, जहां मेडिकल और रहने-खाने का सारा खर्च उसी ने उठाया। बाद में आरोपियों ने नवंबर 2024 में कनाडा का एक ऑफर लेटर भेजा, जो बाद में फर्जी निकला। जब उसने फ्लाइट और वीजा प्रक्रिया के बारे में पूछा तो आरोपी टालमटोल करते रहे और अंततः फोन उठाना बंद कर नंबर ब्लॉक कर दिया। पासपोर्ट व दस्तावेज ले लिए करीब एक वर्ष बीत जाने और मानसिक तनाव बढ़ने पर शिकायतकर्ता ने आरोपियों से किसी अन्य देश में भेजने का आग्रह किया। इस पर उन्होंने उसे रूस भेजने का झांसा दिया और दिल्ली में रूसी एंबेसी के बाहर बुलाकर उसके जानकार व्यक्ति के माध्यम से उसका असली पासपोर्ट और अन्य दस्तावेज ले लिए। इसके बाद भी आरोपियों ने कोई कार्यवाही नहीं की और साफ मना कर दिया कि उसका काम नहीं होगा। जब शिकायतकर्ता ने अपने 3 लाख 20 हजार रुपए और पासपोर्ट वापस मांगे तो आरोपियों ने जान से मारने, झूठे केस में फंसाने तथा पासपोर्ट के दुरुपयोग की धमकियां दीं। उन्होंने यह भी कहा कि उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता क्योंकि उनकी पुलिस और उच्च अधिकारियों से पहचान है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने कनाडा और रूस भेजने के नाम पर उससे 3 लाख 20 हजार रुपए ठग लिए और उसका मूल पासपोर्ट अपने कब्जे में रख लिया है, जिससे उसे दुरुपयोग का डर है। इस संबंध में थाना शहर जगाधरी में मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.