हरियाणा के यमुनानगर जिले में स्थित श्री गुरु नानक गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 10वीं क्लास के एग्जाम में नकल करवाने के आरोप में इंविजिलेटर (परीक्षा निरीक्षक) पर गाज गिरी। इस मामले में DC प्रीति ने तुरंत सख्त एक्शन लेते हुए परीक्षा केंद्र के इंविजिलेटर पंकज नागरा को हटा दिया। बुधवार को भी DC ने नकल करवाते हुए 2 सुपरवाइजर को पकड़ा था। जानकारी के मुताबिक, सीटीएम पीयूष गुप्ता फ्लाइंग स्क्वॉड की टीम के साथ परीक्षा केंद्र पर अचानक पहुंचे। जांच के दौरान पंकज नागरा को कुछ स्टूडेंट्स की एग्जाम में मदद करते हुए पकड़ा गया। वे छात्रों को नकल करने में सहायता कर रहे थे, जिसकी वजह से परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल उठे। विभागीय जांच और बोर्ड को रिपोर्ट सीटीएम ने तुरंत मामले की सूचना DC प्रीति तक पहुंचाई। इसे DC ने इंविजिलेटर पंकज नागरा की लापरवाही मानते हुए मामले की विस्तृत रिपोर्ट हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड को भेज दी, ताकि बोर्ड नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई कर सके। साथ ही संबंधित कर्मचारी के खिलाफ विभागीय जांच शुरू करने की सिफारिश भी की गई। नकल बर्दाश्त नहीं- DC DC प्रीति ने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं को पूरी तरह नकल मुक्त और पारदर्शी रखना हमारी जिम्मेदारी है। किसी भी तरह की अनियमितता या नकल को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों के अधीक्षकों और इंविजिलेटरों को सख्त हिदायत दी है कि वे अपने फर्ज निभाएं और नियमों का पालन पूरी ईमानदारी से करें। लापरवाही पर सख्त कार्रवाई होगी। कल दो सुपरवाइजर पकड़े गए कल यानी बुधवार को 12वीं क्लास के इंग्लिश के एग्जाम में 2 सुपरवाइजर को नकल करवाते हुए पकड़ा गया था। इस संबंध में DC प्रीति ने शिक्षा विभाग और हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी को कार्रवाई की सिफारिश की थी। साथ ही DC ने दोनों सुपरवाइजर सुरेन्द्र कुमार और अमित कुमार को ड्यूटी से हटा दिया था। जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश DC प्रीति ने जिला शिक्षा अधिकारी को तुरंत निर्देश दिए हैं कि वे सभी परीक्षा केंद्रों के अधीक्षकों को बुलाकर मीटिंग करें। उन्हें दोबारा सचेत किया जाए कि परीक्षा की गरिमा और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए हर कदम सावधानी से उठाएं। अन्य केंद्रों पर भी फ्लाइंग स्क्वॉड की निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि ऐसी कोई घटना दोबारा न हो।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.