यमुनानगर जिले के व्यासपुर स्थित गांव शेकपुरा की सात वर्षीय बच्ची मानवी की ट्रैक्टर-ट्रॉली से गिरकर मौत हो गई। हादसा मंगलवार शाम व्यासपुर में न्यू हैप्पी स्कूल के पास बने स्पीड ब्रेकर पर हुआ, जहां सफेद पट्टी की मार्किंग न होने के कारण ट्रैक्टर उछल गया और बच्ची नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। इलाज के दौरान बुधवार देर शाम पीजीआई चंडीगढ़ में बच्ची ने दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार गांव शेकपुरा की सात वर्षीय मानवी मंगलवार शाम अपने परिवार के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में पंचमुखी हनुमान मंदिर में माथा टेकने जा रही थी। मानवी के चाचा ने हाल ही में नया ट्रैक्टर खरीदा था और उसे लेकर मंदिर में माथा टेकने के लिए ले जाया जा रहा था। न्यू हैप्पी स्कूल के सामने हुआ हादसा शाम करीब छह बजे जब ट्रैक्टर व्यासपुर में न्यू हैप्पी स्कूल के सामने पहुंचा, तो सड़क पर बने स्पीड ब्रेकर पर कोई सफेद मार्किंग नहीं थी। ऐसे में ड्राइवर को स्पीड ब्रेकर दिखाई नहीं दिया। जैसे ही ट्रैक्टर स्पीड ब्रेकर पर चढ़ा, वह उछल गया और ट्रॉली में बैठी मानवी नीचे सड़क पर गिर गई। गिरने से बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन तुरंत उसे व्यासपुर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से डॉक्टरों ने उसे गाबा अस्पताल यमुनानगर रेफर कर दिया। गाबा अस्पताल में भी हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ भेज दिया। वहां इलाज के दौरान बुधवार देर शाम बच्ची ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद स्पीड ब्रेकर पर हुआ पेंट परिजनों ने बताया कि मानवी तीन बहनों में सबसे छोटी थी और चौथी कक्षा में पढ़ती थी। उसके पिता की करीब आठ साल पहले ही मौत हो चुकी है। बच्ची की मौत से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। मानवी के चाचा सुभाष ने बताया कि यदि स्पीड ब्रेकर पर सफेद पट्टियां बनी होती, तो शायद यह हादसा नहीं होता। उनका कहना है कि यह दुर्घटना प्रशासन की लापरवाही के कारण हुई है। परिजनों के अनुसार हादसे के बाद प्रशासन की नींद खुली और उसी स्पीड ब्रेकर पर सफेद पट्टियां बना दी गईं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.