बनारस और सेंट्रल बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में महिला अधिवक्ताओं की अब 30 प्रतिशत भागीदारी होगी। सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिंह गौतम व महामंत्री आशीष सिंह ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव में महिला अधिवक्ताओं की भी 30 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करवाने का निर्देश उत्तर प्रदेश बार कौंसिल को दिया था।
जिस पर उत्तर प्रदेश बार कौंसिल के सचिव ने सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और महामंत्री से जानकारी मांगी थी। पूछा कि सुप्रीम कोर्ट के दिशा निर्देशों के अनुपालन में कोषाध्यक्ष पद पर महिला उम्मीदवारों को आरक्षण दिया गया था या नहीं। साथ ही कार्यकारिणी में महिला अधिवक्ताओं के लिए 30 प्रतिशत प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया गया है या नहीं।
इसे भी पढ़ें; Railway News: अगले महीने से बनारस स्टेशन पर बढ़ेगा दबाव, शिफ्ट होंगी तीन ट्रेनें; इन यात्रियों को होगी सहूलियत
इस पर सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिंह गौतम व महामंत्री आशीष सिंह ने उत्तर प्रदेश बार कौंसिल के सचिव के पत्र का जवाब देते हुए बताया कि इस साल का चुनाव खत्म हो जाने के कारण सुप्रीम कोर्ट के दिशा निर्देशों का अनुपालन नहीं हो पाया। हालांकि कार्यकारिणी में इस बाबत चर्चा कर अगले वर्ष के वार्षिक चुनाव में महिला अधिवक्ताओं को 30 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।