कासगंज के अमांपुर के गांव भगूपुरा में कुत्ते के काटने पर बृहस्पतिवार देर शाम एक ही परिवार के दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद में सिर पर ईंट लगने से महिला की मौत हो गई। पुलिस महिला की हत्या के मामले में पूछताछ कर रही है।
गांव भगूपुरा निवासी रूचि (50) पत्नी पवन सोलंकी बृहस्पतिवार शाम घर के बाहर बैठी हुई थी। उनके घर के पास किसी व्यक्ति को कुत्ते ने काट लिया। आरोप है कि चचेरे देवर नीरज का पुत्र शिवम रूचि से गाली गलौज करने लगा। जब महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपी महिला को खींचकर अपने घर में ले गया और ईंट से उसके सिर पर प्रहार कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन व ग्रामीण बचाने के लिए दौड़ पड़े।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटना के बारे में महिला के परिजन व ग्रामीणों से पूछताछ की। महिला को घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृतक घोषित कर दिया। सीओ शाहिदा नसरीन ने बताया कि गांव में कुत्ते ने किसी व्यक्ति को काट लिया था। इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था हालांकि जमीनी विवाद की बात भी सामने आ रही है। शिवम व उसके परिजन ने महिला के सिर पर ईंट से प्रहार किए थे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के परिजन की ओर से तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
पुत्र के सिर से छिनी मां की ममता
मृतका रुचि का एक पुत्र हार्दिक (10) है। पति के बाहर नौकरी करने से मां बेटा ही घर पर रहते थे। रुचि की मौत से हार्दिक के सिर से मां की ममता छिन गई है। मां की मौत से उसका रो-रोकर बुरा हाल है।
पति लौट गया लखनऊ नौकरी पर
मृतका रुचि का पति पवन सोलंकी लखनऊ में निजी कंपनी में कार्य करता है। वह होली पर घर आया हुआ था। वह बृहस्पतिवार को सुबह लखनऊ चला गया था।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.