धनबाद गोविंदपुर में मंगलवार को राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पर हुए एक सड़क हादसे में पूर्वी टुंडी थाना क्षेत्र के विश्वाडीह निवासी संगीता कुमारी (50) की मौत हो गई। वह अपने पति सुनील कुमार सिंह के साथ स्कूटी से गोविंदपुर पहुंची थीं।
स्कूटी रोकने के बाद संगीता पैदल ही सड़क पार कर रही थीं। वह लगभग सड़क पार कर चुकी थीं, तभी एक तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि संगीता गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनके सिर में गहरी चोट आई। मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को धनबाद के एसएनएमएमसीएच भेजा गया। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
संगीता के पति सुनील कुमार सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी ने पैदल सड़क पार करने की बात कही थी। वह सड़क पार कर ही रही थीं कि हाइवा चालक ने अचानक वाहन को मोड़ा और उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद हाइवा चालक मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने NH पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त की है और प्रशासन से सख्त निगरानी तथा गति नियंत्रण की मांग की है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.