Winter Radish Farming Tips: इस ठंड में मूली की खेती किसानों के लिए फायदेमंद साबित हो रही है. कृषि विज्ञान केंद्र रायपुर के विशेषज्ञ के अनुसार, काशी आद्रा किस्म सबसे उपयुक्त है. 35 दिन में तैयार होने वाली यह मूली पोषण से भरपूर है. जानें की इसकी खास बातें…
डॉ. मनोज ने बताया कि काशी आद्रा मूली की किस्म को भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान, वाराणसी (काशी) द्वारा विकसित किया गया है. इस किस्म की सबसे बड़ी विशेषता ये कि इसमें सामान्य मूली की तुलना में चरपरेपन की मात्रा काफी कम होती है, जबकि स्वाद में यह अधिक मीठी और रसीली होती है. यही कारण है कि बाजार में इसकी मांग तेजी से बढ़ रही है. काशी आद्रा मूली के बीज इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के अंतर्गत संचालित कृषि विज्ञान केंद्रों में उपलब्ध हैं. किसान यहां से प्रमाणित बीज प्राप्त कर बेहतर उत्पादन कर सकते हैं.
पालक जैसी पत्तियां
आगे बताया, इस किस्म की एक और खासियत इसकी पत्तियां हैं, जो पालक के पत्तों की तरह चौड़ी होती हैं. जितनी चौड़ी पत्तियां होती हैं, उतने ही मोटे और लंबे कंद विकसित होते हैं, जिससे उपज में सीधा फायदा मिलता है. पोषण की दृष्टि से भी काशी आद्रा मूली सामान्य मूली से कहीं अधिक बेहतर मानी जाती है.
35 दिन में फसल तैयार
इसमें विटामिन C, कैल्शियम, पोटैशियम, फाइबर, आयरन, मैंगनीज और फॉलिक एसिड प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं. यही वजह है कि यह मूली स्वास्थ्य के लिहाज से भी काफी लाभकारी मानी जा रही है और शहरी बाजारों में इसकी डिमांड लगातार बढ़ रही है. खेती की बात करें तो बीज बोने के मात्र 35 दिनों के भीतर मूली तैयार हो जाती है. खाने योग्य जड़ों की लंबाई 24 सेंटीमीटर तक पहुंच सकती है.
इस मिट्टी में डेढ़ गुना बढ़ती पैदावार
आगे बताया, यह किस्म लगभग सभी प्रकार की मिट्टी में उगाई जा सकती है, लेकिन बलुई दोमट मिट्टी में इसकी पैदावार डेढ़ गुना तक बढ़ जाती है. कम समय में तैयार होने और कम लागत में अधिक उत्पादन के कारण यह किस्म किसानों के लिए अतिरिक्त आय का मजबूत विकल्प बनती जा रही है.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.