छत्तीसगढ़ में ठंड का असर लगातार गहराता जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीतलहर का असर दर्ज किया गया, वहीं आने वाले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट की संभावना जताई गई है। खासकर उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों में शीतलहर की स्थिति बनने के संकेत मिले हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक दुर्ग जिले के कुछ स्थानों पर शीतलहर चली। वहीं अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी बड़ा अंतर देखने को मिला। प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज हुआ, जबकि सबसे कम पारा अंबिकापुर में 5.5 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया, जो कड़ाके की ठंड का संकेत देता है।
रायपुर में बुधवार को दिन का तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब 1.1 डिग्री अधिक रिकॉर्ड हुआ। वहीं न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा कम रहा। दिन के दौरान हल्की धूप और शाम के समय ठंड का अहसास बना रहा। हवा की गति भी लगभग 2 किलोमीटर प्रति घंटा रही।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 25 दिसंबर को रायपुर में सुबह के समय धुंध छाने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 12 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद जताई गई है। प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है और कहीं भी बारिश की स्थिति नहीं है। विभाग के अनुसार अगले एक-दो दिनों तक भी वर्षा की संभावना नहीं है। वहीं विभाग ने लोगों से ठंड के इस दौर में सतर्क रहने, गर्म कपड़े पहनने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.