चक्रधरपुर रेल मंडल ने रेलवे ट्रैक पर जंगली हाथियों की निरंतर आवाजाही के कारण 18 और 19 दिसंबर को पांच जोड़ी मेमू व पैसेंजर ट्रेनें रद्द कर दी हैं. सुरक्षा के मद्देनजर टाटानगर, राउरकेला और झारसुगुड़ा रूट की सेवाएं प्रभावित रहेंगी. यात्रियों और वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे ने यह एहतियाती कदम उठाया है.
हाथियों का मूवमेंट बना बड़ी चुनौती जानकारी के अनुसार, चाईबासा और आसपास के जंगली इलाकों से गुजरने वाली रेल पटरियों पर पिछले कुछ दिनों से हाथियों का बड़ा झुंड डेरा डाले हुए है. अक्सर रात और तड़के सुबह के समय ये हाथी पटरियों को पार करते हैं, जिससे ट्रेन से टकराने की आशंका बनी रहती है. अतीत में ऐसी कई दुखद घटनाएं हो चुकी हैं जिनमें हाथियों की जान गई है और ट्रेनें भी दुर्घटनाग्रस्त हुई हैं. इसी जोखिम को टालने के लिए रेलवे ने एहतियातन ट्रेनों का परिचालन रोकने का निर्णय लिया है.
रद्द की गई ट्रेनों की सूची (18 और 19 दिसंबर): रेलवे द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, निम्नलिखित पांच जोड़ी ट्रेनें अगले दो दिनों तक पटरी पर नहीं उतरेंगी:
ट्रेन संख्या 68025/68026: चक्रधरपुर-राउरकेला-चक्रधरपुर मेमू ट्रेन.
ट्रेन संख्या 68043/68044: टाटानगर-राउरकेला-टाटानगर मेमू ट्रेन.
ट्रेन संख्या 68029/68030: राउरकेला-झारसुगुड़ा-राउरकेला मेमू ट्रेन.
ट्रेन संख्या 18175/18176: हटिया-झारसुगुड़ा-हटिया मेमू ट्रेन.
ट्रेन संख्या 58151/58152: बरसूवाँ-बीरमित्रपुर-बरसूवाँ पैसेंजर ट्रेन.
यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें इन मेमू और पैसेंजर ट्रेनों के रद्द होने से सबसे ज्यादा परेशानी दैनिक यात्रियों, छोटे व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को हो रही है. टाटा, चक्रधरपुर, राउरकेला और झारसुगुड़ा के बीच चलने वाली ये ट्रेनें स्थानीय परिवहन की लाइफलाइन मानी जाती हैं. अचानक ट्रेनें रद्द होने से स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ देखी जा रही है. लोगों को वैकल्पिक परिवहन के लिए निजी बसों या टैक्सी का सहारा लेना पड़ रहा है, जो काफी महंगा साबित हो रहा है.
रेलवे और वन विभाग की पैनी नजर चक्रधरपुर रेल मंडल के अधिकारियों का कहना है कि वे वन विभाग के साथ लगातार संपर्क में हैं. हाथियों के झुंड की लोकेशन पर नजर रखी जा रही है. जैसे ही वन विभाग की ओर से ट्रैक सुरक्षित होने का सिग्नल मिलेगा, ट्रेनों का परिचालन पुनः सामान्य कर दिया जाएगा. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले हेल्पलाइन नंबरों या आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ट्रेनों की स्थिति की जांच अवश्य कर लें.
About the Author

मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.