Pashchim Champaran Valmiki Tiger Reserve : वाल्मीकि टाइगर रिजर्व पश्चिम चंपारण में नववर्ष पर पर्यटकों के लिए तैयार है, लेकिन इसबार यहां निजी वाहनों और जंगल में आग जलाने पर प्रतिबंध है. सुरक्षा के लिए 24 घंटे वनकर्मी गश्त कर रहे हैं.
जंगल में इन वाहनों पर लगी रोक
वन विभाग ने यह स्पष्ट कर दिया है कि नए साल के दिन दोपहिया और चारपहिया किसी भी निजी वाहन को जंगल क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी. बिना अनुमति पकड़े जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई तय है. जंगल में बसे प्राचीन मंदिर हों या कोई अन्य स्थल, पर्यटकों को उनके दीदार के लिए पैदल ही जाना होगा. नववर्ष को लेकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए बगहा की प्रभारी एसपी निर्मला कुमारी भी वाल्मीकिनगर पहुंचीं. उन्होंने पर्यटक स्थलों और प्रवेश मार्गों का निरीक्षण किया और स्थानीय थाना और सुरक्षा एजेंसियों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए.
24 घंटे गश्त कर रहे हैं वन कर्मी
वाल्मीकि नगर वन क्षेत्र पदाधिकारी अमित कुमार से मिली जानकारी के अनुसार, नए साल के अवसर पर वन विभाग के सभी कर्मियों की छुट्टियां रद कर दी गई हैं. वन्यजीवों और वन संपदा की सुरक्षा को मद्देनजर रखते हुए वन कर्मी 24 घंटे ग़श्त कर रहे हैं. पेड़ की कटाई हो या वन्य जीवों का शिकार, सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए हर एक चेक पोस्टों पर कर्मियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है. खासकर नेपाल और उत्तर प्रदेश से सटे वन क्षेत्रों से गुजरने वाले सभी रास्तों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है. ताकि कोई भी व्यक्ति या वाहन जंगल में अनधिकृत प्रवेश न कर सके.
जंगल में खाना पकाने और आग जलाने पर प्रतिबंध
इतना ही नहीं, नव वर्ष के आगाज के लिए वाल्मीकि टाइगर रिजर्व आने वाले पर्यटकों को इस बात का भी ध्यान रखना होगा कि वन विभाग ने जंगल क्षेत्र में भोजन पकाने, आग जलाने और वनभोज मनाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया है. हालांकि, जंगल के बाहरी क्षेत्रों में पर्यटकों को पिकनिक मनाने की छूट दी गई है, लेकिन वहां भी विभागीय एडवाइजरी का पालन अनिवार्य होगा. सीमावर्ती क्षेत्रों में एसएसबी और जिला पुलिस की संयुक्त टीम लगातार गश्त कर रही है. वन क्षेत्र में प्रवेश करने वाले मार्गों पर जांच की जा रही है. साथ ही हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है.
About the Author
बृजेंद्र प्रताप सिंह डिजिटल-टीवी मीडिया में लगभग 4 सालों से सक्रिय हैं. मेट्रो न्यूज 24 टीवी चैनल मुंबई, ईटीवी भारत डेस्क, दैनिक भास्कर डिजिटल डेस्क के अनुभव के साथ 14 मई 2024 से News.in में सीनियर कंटेंट राइटर…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.