बेतिया के रहने वाले थे कैप्टन आशीष
बता दें कि इस हमले में जो लोग गायब हैं, उनमें से एक बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया स्थित शिक्षक नगर के गली नंबर 02 निवासी कैप्टन आशीष कुमार भी हैं. आशीष के परिवार वालों से हुई बात चित में मिली जानकारी के अनुसार, वह करीब 16 वर्षों से इंडियन मर्चेंट नेवी में कार्य कर रहे हैं. 22 फरवरी 2026 को उन्हें स्काई लाइट ऑयल टैंकर शिप पर कैप्टन की भूमिका देकर ओमान की खाड़ी में शिप की मरम्मती कार्य के लिए तैनात किया गया. आशीष के छोटे भाई आकाश कुमार बताते हैं कि शिप पर कैप्टन के रूप में आशीष के साथ अन्य और 19 लोग मौजूद थे.
28 फरवरी तक था सबकुछ सामान्य
शनिवार 28 फरवरी तक सब सामान्य था और आशीष ने व्हाट्सऐप कॉल के जरिए अपनी मां और पत्नी से बात भी की थी, लेकिन रविवार के दिन जब उनकी पत्नी द्वारा आशीष को भेजे गए कॉल या मैसेज का जवाब कुछ देर बाद तक नहीं मिला, तब सब डर गए. उनके बहुत प्रयास के बावजूद भी जब आशीष से बात न हो सकी, तब उन्होंने शिप पर मौजूद रसोइया विक्रम घोष से बात करने का प्लान किया. बकौल आकाश, रविवार को उन्होंने रसोइए से ओमान के समय के अनुसार करीब 07 या 7: 10 बजे सुबह में बात किया.
ओमान खाड़ी में मौजूद स्काई लाइट शिप पर बमबारी
वहीं, बातचीत के दौरान परिवार वालों को यह पता चला कि कप्तान आशीष की शिप ‘स्काई लाइट IMO नंबर : 9330020’ ड्रोन हमले का शिकार होकर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिसमें कप्तान आशीष सहित क्रू के दो अन्य सदस्य मिसिंग हैं.सरसोइए की बात पर बुरी तरह से घबराए आशीष के परिवार वालों ने तुरंत स्काई लाइट ग्रुप के अधिकृत सदस्य सुमित कुमार और HOD मनोज झा से बात की. उन्होंने ने भी इस हमले की पुष्टि करते हुए आशीष सहित दो अन्य सदस्यों (ऑयल डेकर कर्मी और चीफ इंजीनियर) के न मिलने की बात कही. हालांकि शिप पर हमले के शिकार हुए अन्य 17 लोगों को सफलता पूर्वक रेस्क्यू कर लिया गया है.
शिप से गायब लोगों की खोज करे सरकार
आशीष के पिता अशोक कुमार बताते हैं कि सोमवार सुबह में उन्होंने शिप के कुक से एक बार फिर बात की और अपने बेटे सहित दो अन्य गायब लोगों की जानकारी हासिल की, लेकिन रविवार की तरह इस बार भी शिप पर आशीष और चीफ इंजीनियर का पता न लग पाया. हां इस बार ऑयल डेकर के मरने की पुष्टि जरूर हो गई. ऐसी गंभीर स्थिति को देखते हुए आशीष का पूरा परिवार डरा हुआ है. उन्हें इस बात का डर सता रहा है कि कहीं उनके बेटे ‘कैप्टन आशीष’ को भी कहीं कुछ हो न गया हो. बहरहाल, वो सरकार से ये गुहार लगा रहे हैं कि इस मामले पर ध्यान दिया जाए और गायब लोगों की जानकारी इकट्ठा की जाए.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.