ठंड के साथ ही बरेली जिले में कोहरे का प्रकोप बढ़ रहा है। बृहस्पतिवार रात से घना कोहरा छा गया। शुक्रवार तड़के चार से घने कोहरे की वजह से शहर के बाहरी इलाकों में दृश्यता शून्य दर्ज की गई। हाईवे पर वाहन कतार में रेंगते नजर आए। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साथ ही, रात के तापमान में और गिरावट का अनुमान जताया है। रात में वाहन चलाते वक्त सावधानी बरतने की अपील की है। बरेली मंडल के बदायूं, शाहजहांपुर और पीलीभीत में भी सुबह-सुबह भयंकर कोहरा छाया रहा। सर्द हवा से लोग ठिठुरते नजर आए।
मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार को नया विक्षोभ सक्रिय होने से पुरवाई चलेगी। इसके असर से अगले तीन दिनों में रात के तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस गिरावट का अनुमान है। इस दौरान हवा में ठंड और गलन बरकरार रहेगी। कहीं छिटपुट बादल भी छा सकते हैं। बृहस्पतिवार को जिले का न्यूनतम तापमान 7.2 व अधिकतम तापमान 21.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.