Rohtas Court Exam Dog Photo: बिहार के रोहतास में सिस्टम की अजब लापरवाही सामने आई है. सिविल कोर्ट में चपरासी पद के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी रितेश कुमार के एडमिट कार्ड पर उनकी तस्वीर की जगह एक कुत्ते की फोटो लगा दी गई है. 15 मार्च को होने वाली परीक्षा से पहले छात्र अब सुधार के लिए दफ्तरों के चक्कर काट रहा है. पढ़ें पूरी रिपोर्ट.
प्रतीकात्मक तस्वीर
इस पद के लिए दिया था आवेदन
पूरा मामला रोहतास जिले के बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के धावा गांव के रहने वाले रितेश कुमार से जुड़ा हुआ है. रितेश कुमार ने वर्ष 2022 में सिविल कोर्ट में चपरासी पद के लिए आवेदन किया था. भर्ती प्रक्रिया काफी लंबे समय तक लंबित रहने के बाद वर्ष 2026 में इस पद के लिए परीक्षा की तिथि घोषित की गई. इसके बाद अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड जारी किए गए. इसी क्रम में जब रितेश कुमार ने भी अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड किया तो उसमें एक बेहद चौंकाने वाली गलती सामने आई.
अभ्यर्थी की जगह कुत्ते की फोटो
रितेश कुमार के एडमिट कार्ड में उनका नाम, पिता का नाम, जन्म तिथि और अन्य सभी विवरण सही तरीके से दर्ज थे लेकिन फोटो वाले स्थान पर उनकी तस्वीर की जगह एक कुत्ते की तस्वीर दिखाई दे रही थी. यह देखकर रितेश कुमार कुछ समय के लिए समझ ही नहीं पाए कि आखिर यह गलती कैसे हो गई. उन्होंने एडमिट कार्ड को दोबारा चेक किया लेकिन हर बार वही तस्वीर दिखाई दी.
अभ्यर्थी ने की ये मांग
इस संबंध में रितेश कुमार ने बताया कि उन्होंने चार साल पहले इस भर्ती के लिए आवेदन किया था. लंबे इंतजार के बाद जब एडमिट कार्ड जारी हुआ तो उसमें इस तरह की गलती देखकर वह काफी परेशान हो गए. उनका कहना है कि उन्होंने तुरंत इस मामले की शिकायत संबंधित बोर्ड और विभाग को भेज दी है. एडमिट कार्ड में सुधार की मांग की है ताकि उन्हें परीक्षा देने में किसी प्रकार की परेशानी न हो.
15 मार्च को होनी है परीक्षा
जानकारी के अनुसार सिविल कोर्ट में चपरासी पद के लिए लिखित परीक्षा 15 मार्च को आयोजित की जानी है. रितेश कुमार का परीक्षा केंद्र सहरसा जिले में निर्धारित किया गया है. ऐसे में एडमिट कार्ड में हुई इस गंभीर त्रुटि के कारण वह काफी चिंतित हैं. उनका कहना है कि यदि समय रहते इस गलती को ठीक नहीं किया गया तो परीक्षा केंद्र पर उन्हें समस्या का सामना करना पड़ सकता है.
About the Author

मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.