कटनी जिले के विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री का विरोध करने पर एक ग्रामीण को जान से मारने की धमकी मिली है। ग्राम कारीतलाई निवासी अभय उरमलिया ने कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपकर शराब माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि पुलिस प्रशासन इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। अभय उरमलिया ने अपनी शिकायत में बताया कि ग्राम कारीतलाई, बम्हौरी, टीकर और परमवारा में आशीष शिवहरे, सन्नी शिवहरे और रोहित मिश्रा बड़े पैमाने पर अवैध शराब बेच रहे हैं। उनका दावा है कि आरोपी विजयराघवगढ़ के पैकारी लाइसेंस की आड़ में अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध रूप से शराब खपा रहे हैं। जब ग्रामीण या शिकायतकर्ता इसका विरोध करते हैं, तो आरोपी गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देते हैं। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि पीड़ित ने पहले 181 सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि, शराब माफियाओं के डर और लगातार मिल रही धमकियों के कारण उन्हें वह शिकायत वापस लेनी पड़ी। आरोपियों पर शिकायतकर्ता को झूठे मुकदमों में फंसाने की साजिश रचने का आरोप भी है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि हाल ही में जब वह अपनी शिकायत लेकर विजयराघवगढ़ थाने पहुंचा, तो उसे न्याय मिलने के बजाय अपमानित होना पड़ा। अभय के अनुसार, थाने के पुलिसकर्मियों ने उनकी शिकायत स्वीकार करने से इनकार कर दिया और उन्हें डांट-फटकार कर थाने से भगा दिया। पुलिस के इस रवैये से ग्रामीण खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। अवैध शराब माफियाओं के आतंक से परेशान होकर पीड़ित ने अब जिला प्रशासन से मदद मांगी है। आवेदन में मांग की गई है कि अवैध शराब की बिक्री पर तत्काल रोक लगाई जाए और शिकायतकर्ता की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.