जिले में लगातार दूसरे दिन सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। रविवार के बाद सोमवार को भी एक बड़ा हादसा सामने आया। यह दुर्घटना सिरोंज थाना क्षेत्र की है, जहां सिरोंज से भोपाल की ओर जा रही एक निजी कंपनी की यात्री बस ने एक मोटर साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सड़क पर अचानक आए मवेशियों को बचाने के प्रयास में बस चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे सामने से आ रही मोटर साइकिल बस की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। इस हादसे में सड़क पर मौजूद मवेशी भी बुरी तरह प्रभावित हुए। एक भैंस की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि चार से पांच गायें गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
ये भी पढ़ें: Mandsaur News: भाजपा नेता श्यामलाल धाकड़ हत्याकांड में बड़ा खुलासा, पिता ने साथियों संग मिलकर की बेटे की हत्या
बताया जा रहा है कि मृतक युवक ग्राम सुगना खेड़ी का निवासी था और रोजाना सब्जी बेचने के लिए सिरोंज मंडी जाता था। सूचना मिलते ही सिरोंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है।
कल भी हुआ था हादसा
कल भी सांची भ्रमण के लिए जा रही अशोकनगर जिले के बहादुरपुर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की एक स्कूल बस चालक का संतुलन बिगड़ने से गुरोद क्षेत्र में सगड नदी में पलट गई थी। हादसे के समय बस में कुल 47 विद्यार्थी सवार थे। डॉक्टरों के अनुसार छह बच्चों की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला मुख्यालय रैफर किया गया था।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.