शहर के विधानी चौराहा पर खुले पैसों को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देर रात हिंसक झड़प में बदल गया। दो पक्षों के बीच मारपीट और पथराव के दौरान पुलिस के वाहनों पर भी हमला किया गया, जिससे एक वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और एक एसआई सहित कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस के अनुसार यह घटना शिवदासपुरा थाना क्षेत्र में बुधवार रात करीब 9:30 बजे हुई। यहां एक रेस्टोरेंट पर गुटखा लेने पहुंचे तीन युवकों का खुले पैसों को लेकर दुकानदार से विवाद हो गया। इसी दौरान पास ही स्थित ठेके की बिल्डिंग से तीन-चार लोग समझाने के लिए पहुंचे, लेकिन ग्राहक पक्ष के युवकों ने उनसे अभद्र भाषा में बात करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। बताया जा रहा है कि ग्राहक पक्ष के लोगों ने अपने परिचितों को मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में करीब 100 से 150 लोगों की भीड़ मौके पर पहुंच गई और होटल में घुसकर तोड़फोड़ कर दी। सूचना मिलने पर राजस्थान पुलिस की शिवदासपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सांगानेर सदर थाना से भी अतिरिक्त जाप्ता बुलाया गया। पुलिस जब दोनों पक्षों को समझाकर कुछ लोगों को डिटेन कर थाने ले जाने लगी, तभी ग्राहक पक्ष के लोगों ने पुलिस वाहनों पर पथराव कर दिया। इस दौरान एसआई लेखराज सहित कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए। मामला बढ़ता देख पुलिस ने दोनों पक्षों के करीब एक दर्जन लोगों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार राजकार्य में बाधा डालने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में करीब एक दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.