अशोकनगर जिले के चंदेरी में मदरसे से जुड़ी शिकायत करने वाले एक युवक के साथ सरेआम मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि शिकायत से नाराज कुछ लोगों ने युवक को सार्वजनिक स्थान पर थप्पड़ मारे, उसकी दाढ़ी खींचकर बाल उखाड़ दिए और इस दौरान उसके चेहरे से खून निकल आया। पूरी घटना का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर खुद ही वायरल कर दिया गया, जिससे मामला और अधिक चर्चा में आ गया।
ये भी पढ़ें-कल का ‘ब्लैक स्पॉट’ कैसे बन गया ‘रेड कारपेट’? देशभर में भोपाल-जबलपुर हाईवे की चर्चा, क्या है खास
घटना शुक्रवार को चंदेरी के नए बस स्टैंड की बताई जा रही है। पीड़ित की पहचान मोहम्मद जावेद अंसारी (40), निवासी बाहर शहर, वार्ड क्रमांक-14 के रूप में हुई है। जावेद का कहना है कि वह बस स्टैंड पर खड़ा था, तभी फरदीन खान, जुनैद खान और अनस मुखिया वहां पहुंचे और उससे पूछताछ करने लगे। आरोपियों ने उस पर एक मदरसे के खिलाफ शिकायत करने और उसे बंद कराने की कोशिश करने का आरोप लगाया। पीड़ित के अनुसार, बातचीत के दौरान आरोपियों ने मदरसे के नाम पर उससे 20 हजार रुपए चंदे की मांग की। जब उसने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और थप्पड़ों व मुक्कों से मारपीट करने लगे। मारपीट में जावेद के माथे और होंठ पर गंभीर चोटें आईं और खून बहने लगा। आरोप है कि इसी दौरान जुनैद खान ने उसकी दाढ़ी पकड़कर जोर से खींची, जिससे दाढ़ी के कई बाल उखड़ गए। जावेद ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान अनस मुखिया ने मोबाइल फोन से पूरी घटना का वीडियो बनाया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
ये भी पढ़ें-महाकाल मंदिर में सोमनाथ के पुरातात्विक अवशेषों के दिव्य शिवलिंगों का मिलन, गर्भगृह में हुआ पूजन
वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में घटना को लेकर तनाव और नाराजगी का माहौल बन गया। पीड़ित का कहना है कि इस घटना के बाद भी उसे लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उसने पुलिस को बताया कि आकिब मौलाना, जाबिर हाफिज, इसरार मुल्ला, सहीद पोस्ती और माहिर टुनटुनी उसे डराने-धमकाने में लगे हैं और इन्हीं लोगों के इशारे पर उसके साथ मारपीट कराई गई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक वायरल वीडियो, मेडिकल रिपोर्ट और गवाहों के बयान के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जो भी आरोपी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.