Vermi Compost Preparation: किसान अपने खेतों की उर्वरा शक्ति बढ़ाने और उत्पादन में वृद्धि के लिए केंचुआ खाद यानी वर्मी कम्पोस्ट का प्रयोग कर सकते हैं. यह एक उत्तम जैविक खाद है, जो पूरी तरह प्राकृतिक प्रक्रिया से तैयार होती है. केंचुआ खाद में किसी प्रकार की दुर्गंध नहीं होती और न ही इससे मक्खी या मच्छर पनपते हैं. इसके उपयोग से पर्यावरण भी प्रदूषित नहीं होता, इसलिए यह ऑर्गेनिक खेती के लिए बेहद उपयुक्त मानी जाती है.
पलामू स्थित क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र के कृषि वैज्ञानिक प्रमोद कुमार के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में किसान आमतौर पर गोबर से बनी खाद का प्रयोग करते हैं, जिसमें नाइट्रोजन, फॉस्फोरस और पोटाश की मात्रा लगभग 0.5 प्रतिशत होती है. वहीं केंचुआ खाद में इन पोषक तत्वों की मात्रा लगभग 1.5 प्रतिशत तक पाई जाती है. इसी कारण केंचुआ खाद फसलों को अधिक पोषण देती है और मिट्टी की बनावट में भी सुधार करती है.

केंचुआ खाद बनाने के लिए सबसे पहले एक टैंक का निर्माण करना होता है. किसान ईंट से पक्का टैंक या बांस के सहारे प्लास्टिक का टैंक भी बना सकते हैं. टैंक का आकार लगभग 10 फीट लंबा, 3 फीट चौड़ा और 2.5 फीट गहरा होना चाहिए. सबसे नीचे एक फीट तक पत्ते, भूसा, भोजन के अवशेष और जैविक कचरा डालें. इसके ऊपर 20 से 25 दिन पुराना गोबर डालें. इसी तरह पत्तों और गोबर की 3 से 4 परतें बनाएं. इसके बाद टैंक में लगभग 1500 केंचुए छोड़ दें.

कृषि वैज्ञानिक के अनुसार केंचुआ खाद के लिए आइसिना फोटिडा प्रजाति के केंचुए सबसे उपयुक्त माने जाते हैं. यह साउथ अफ्रीका की प्रजाति है, जो गोबर को तेजी से खाकर उसे खाद में बदल देती है. लगभग ढाई महीने में टैंक में काला, दानेदार पदार्थ दिखाई देने लगता है, जो तैयार केंचुआ खाद होती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

एक टैंक से लगभग 5 से 6 क्विंटल केंचुआ खाद तैयार हो जाती है. इसके साथ ही केंचुओं की संख्या चार गुना तक बढ़ जाती है, जिन्हें किसान एक रुपये प्रति केंचुआ के हिसाब से बेच सकते हैं. इस तरह केंचुआ खाद न केवल खेत की उर्वरा शक्ति बढ़ाती है, बल्कि किसानों की आमदनी बढ़ाने का भी मजबूत साधन बन सकती है.

केंचुआ खाद इकाई के लिए छायादार स्थान का चयन करना चाहिए, जहां तापमान 20 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहे. टैंक में समय-समय पर पानी का छिड़काव कर नमी बनाए रखें. अधिक गर्मी होने पर जूट के बोरे से टैंक को ढक देना चाहिए. सही देखभाल से केंचुआ खाद खेतों में उपज बढ़ाने में अहम भूमिका निभाती है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.