बिहार ग्रामीण विकास सेवा संघ के राज्य स्तरीय चुनाव में जंदाहा के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) प्रशांत कुमार ने एक बार फिर अपना दबदबा कायम रखते हुए लगातार तीसरी बार अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की है. उन्होंने कुल 518 वैध मतों में से 309 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को बड़े अंतर से पराजित किया.
बिहार ग्रामीण विकास सेवा संघ के चुनाव में दर्ज की बड़ी जीत
मतदान और मतगणना की प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई, जिसे लेकर प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखा गया. चुनाव परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई. जंदाहा सहित वैशाली जिले के अधिकारियों और कर्मियों ने प्रशांत कुमार की जीत को संगठन के लिए सकारात्मक संकेत बताया. संघ के सदस्यों का कहना है कि उनके नेतृत्व में बीते कार्यकाल के दौरान अधिकारियों के हितों की रक्षा, विभागीय समस्याओं के समाधान और सरकार के साथ बेहतर समन्वय जैसे कई अहम कार्य किए गए.
लगातार तीसरी बार प्रशांत कुमार बने अध्यक्ष
अध्यक्ष पद पर पुनः निर्वाचित होने के बाद प्रशांत कुमार ने सभी मतदाताओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि यह जीत व्यक्तिगत नहीं, बल्कि पूरे संगठन की सामूहिक जीत है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगामी कार्यकाल में ग्रामीण विकास सेवा के अधिकारियों की सेवा शर्तों में सुधार, प्रशिक्षण की बेहतर व्यवस्था, पदोन्नति से जुड़ी समस्याओं के समाधान और कार्यस्थल पर आने वाली व्यावहारिक दिक्कतों को प्राथमिकता दी जाएगी. प्रशांत कुमार ने यह भी कहा कि बिहार के ग्रामीण विकास को मजबूत करने में संघ की भूमिका और अधिक सशक्त होगी। सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए अधिकारी पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ काम करेंगे. संघ के वरिष्ठ सदस्यों ने उम्मीद जताई कि लगातार तीसरी बार अध्यक्ष बने प्रशांत कुमार के अनुभव और नेतृत्व क्षमता से संगठन नई ऊंचाइयों को छुएगा और ग्रामीण विकास से जुड़े अधिकारियों की आवाज और मजबूत होगी.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.