संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम घोषित होते ही जिले में खुशी का माहौल है। रीवा की बेटी समीक्षा द्विवेदी ने परीक्षा में 56वीं रैंक हासिल कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
समीक्षा की इस बड़ी उपलब्धि पर उनके परिवार और रिश्तेदारों में खुशी की लहर है। उनके मामा गोपाल कृष्ण तिवारी ने बताया कि समीक्षा की सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन है। उन्होंने कहा कि समीक्षा ने दिन-रात मेहनत कर इस कठिन परीक्षा की तैयारी की और आखिरकार उनका सपना साकार हो गया। समीक्षा की प्रारंभिक पढ़ाई इंदौर में हुई। इसके बाद उन्होंने चेन्नई स्थित एसआरएम इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी से बीटेक की पढ़ाई पूरी की और आगे की पढ़ाई आईआईटी कानपुर से की।
पढ़ें; धार्मिक शहरों में शराब दुकानें बंद होने के बाद भी बढ़ा राजस्व, लाइसेंस राशि में 19% तक की वृद्धि
बताया गया कि समीक्षा पिछले चार-पांच वर्षों से यूपीएससी की तैयारी कर रही थीं। इससे पहले भी वे दो बार इंटरव्यू तक पहुंच चुकी थीं, लेकिन अंतिम सूची में स्थान नहीं बना पाई थीं। पिछले साल वे महज आठ अंकों से चयन से चूक गई थीं, लेकिन इस बार उन्होंने शानदार सफलता हासिल कर ली।
समीक्षा के पिता श्रीनिवास द्विवेदी मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड भोपाल में क्षेत्रीय अधिकारी के पद पर पदस्थ हैं। उनका पैतृक गांव मऊगंज जिले का डगदुआ है। समीक्षा का विवाह हो चुका है और उनके पति बैंक ऑफ इंडिया में कार्यरत हैं। समीक्षा द्विवेदी की यह सफलता उन युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है जो लगातार मेहनत और संघर्ष के दम पर अपने सपनों को साकार करना चाहते हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.