अमरोहा नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला छंगा दरवाजा में महिला को बच्चा चोर समझकर भीड़ ने बिजली के खंभे से बांध दिया। मंगलवार कीदेर रात करीब दस बजे हुई इस घटना में महिला के साथ मारपीट भी की गई।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया। महिला को रस्सी से बांधकर सरेआम पीटा गया। मौके पर सैकड़ों लोग मौजूद थे लेकिन किसी ने उसे बचाने का प्रयास नहीं किया।
कई लोग घटना का वीडियो बनाते नजर आए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला लगातार खुद को निर्दोष बताती रही और छोड़ने की गुहार लगाती रही। भीड़ पर उसकी अपील का कोई असर नहीं पड़ा। सूचना मिलने पर नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने महिला को भीड़ के चंगुल से मुक्त कराया। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर थाने लाया गया। जहां उससे पूछताछ की गई। महिला ने खुद को नौगावां सादात क्षेत्र के एक गांव निवासी बताया है। इस घटना ने कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अफवाह के आधार पर लोगों ने महिला को तालिबानी सजा दी। भीड़ ने कानून को अपने हाथ में ले लिया। पुलिस अब उस भीड़ की पहचान करने में जुटी है। वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त की जा रही है।
सीओ सिटी अभिषेक यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध परिस्थिति में कानून हाथ में न लें। इसके बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.