Udaipur Leopard Attack: राजस्थान के उदयपुर के समीप बड़ी गांव में एक लेपर्ड ने किसान बाबूलाल पर हमला कर उसे मार डाला. किसान खेत पर बने कमरे की छत पर सो रहा था, तभी लेपर्ड उसे घसीटकर करीब 500 मीटर दूर ले गया. सुबह ग्रामीणों ने खून के निशान देखे तो शव बरामद हुआ, जिस पर हमले के गहरे निशान थे. सूचना पर वन विभाग और पुलिस मौके पर पहुंचे. आशंका है कि लेपर्ड सज्जनगढ़ अभयारण्य से भटककर गांव में आया. वन विभाग ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर पिंजरा लगाने की तैयारी की है, जबकि ग्रामीण मुआवजे की मांग कर रहे हैं.
Udaipur leopard attack
जानकारी के अनुसार किसान बाबूलाल अपने खेत पर बने कमरे की छत पर सो रहे थे. देर रात अचानक एक लेपर्ड वहां पहुंचा और उन पर हमला कर दिया. हमले के बाद लेपर्ड बाबूलाल को छत से नीचे घसीटकर ले गया और करीब 500 मीटर दूर तक ले जाकर बुरी तरह नोच डाला. बताया जा रहा है कि हमले में किसान का शव पूरी तरह क्षत-विक्षत हो गया तथा शरीर के कई हिस्सों पर गहरे घाव मिले.
सुबह ग्रामीणों को खून के निशान से हुआ शक
सुबह जब ग्रामीण खेतों में पिलाई के लिए मोटर चलाने पहुंचे तो उन्हें खून के निशान दिखाई दिए. पहले तो किसी अनहोनी या हत्या की आशंका जताई गई, लेकिन जब ग्रामीण खून के धब्बों का पीछा करते हुए आगे बढ़े तो उन्हें बाबूलाल का शव पड़ा मिला. चेहरे और गर्दन पर लेपर्ड के हमले के स्पष्ट निशान थे. इस भयावह दृश्य को देखकर ग्रामीण स्तब्ध रह गए.
वन विभाग और पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और बड़गांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया गया. वन विभाग ने आसपास के इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है. अधिकारियों का कहना है कि लेपर्ड की प्रवृत्ति होती है कि वह अपने शिकार के पास दोबारा लौट सकता है, इसलिए मौके पर पिंजरा लगाने की तैयारी की जा रही है ताकि उसे पकड़ा जा सके. ग्रामीणों का मानना है कि यह लेपर्ड सज्जनगढ़ अभयारण्य क्षेत्र से भटककर गांव की ओर आया होगा. हाल के दिनों में वन्यजीवों की आबादी बढ़ने और भोजन की तलाश में उनके आबादी क्षेत्रों की ओर आने की घटनाएं सामने आ रही हैं.
ग्रामीणों ने की मुआवजे की मांग
घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है. ग्रामीणों ने मृतक किसान के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है. साथ ही क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और लेपर्ड को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग भी की गई है. फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
About the Author
With more than 6 years above of experience in Digital Media Journalism. Currently I am working as a Content Editor at News 18 in Rajasthan Team. Here, I am covering lifestyle, health, beauty, fashion, religion…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.