अहमदाबाद-उदयपुर रेलवे लाइन पर चलती ट्रेन पर दो दिन पहले पत्थरबाजी की घटना हुई। ट्रेन एक महिला सहित अन्य यात्रियों को चोट आई और ट्रेन के कोच के कांच को नुकसान पहुंचा। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने इस मामले में दो बच्चों को डिटेन किया है। असावरा (अहमदाबाद) से इंदौर के बीच चलने वाली ट्रेन 19316 वीरभूमि एक्सप्रेस पर उदयपुर से जावर माइंस और जयसमंद रेलवे स्टेशन के बीच सरसिया फाटक के समीप असामाजिक तत्वों ने पत्थर फेंके।
घटना में ट्रेन के अंदर जनरल कोच में बैठी एक महिला, 1 पुरुष यात्री को चोट आई है, जबकि डिब्बों के कांच टूट गए। अचानक हुई इस वारदात से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और दहशत का माहौल था। ट्रेन का एक वीडियो सामने आया जिसमें कई यात्री बता रहे थे कि उनको चोट लगी है और ट्रेन में आए पत्थर भी बताए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चलती ट्रेन के दौरान रेलवे ट्रैक के आसपास से कुछ युवकों ने पत्थरबाजी की थी। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और घटना के बारे में जानकारी ली। बाद में गाड़ी के उदयपुर स्टेशन पहुंचने पर आरपीएफ उदयपुर की टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार करवाया। असावरा से इंदौर ट्रेन 13 जनवरी को शाम 6.33 बजे जयसमंद रेलवे स्टेशन से रवाना हुई और जावरमाइंस पहुंचती उससे पहले सरसिया फाटक के समीप पत्थरबाजी हुई। उदयपुर स्टेशन से आज सुबह 4.30 बजे रवाना हुई और इसके बाद 4.44 बजे उमरा रेलवे स्टेशन से रवाना होकर 5.10 बजे जावरमाइंस रेलवे स्टेशन पहुंची थी और इससे पहले यह घटना हुई। ट्रेन आगे उदयपुर होकर इंदौर जाती है। आरपीएफ उदयपुर निरीक्षक सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में रेल अधिनियम की धारा 153, 147 में मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। सुरेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक रविन्द्र सिंह एवं सहायक उपनिरीक्षक बिशनलाल ने मुखबिर की सूचना पर 14-14 वर्ष उम्र के दो नाबालिगों को डिटेन किया और उनको बाल न्यायालय में पेश किया जहां से उनको बाल सुधार गृह भेजने के आदेश हुए। पहले भी हो चुका पथराव
करीब दो साल पहले असारवा जा रही सुपरफास्ट ट्रेन पर डूंगरपुर के बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र के बलवाड़ा रेलवे फाटक के पास पथराव हुआ था। बलवाड़ा रेलवे फाटक के पास भुवनेश्वर के बीच पहाड़ियों पर पहुंचते ही बदमाशों ने ट्रेन पर अचानक पथराव कर दिया। पत्थर ट्रेन की कई बोगियों पर लगे, लेकिन पीछे की ओर एक बोगी का कांच टूट गया। जिससे पत्थर बोगी के अंदर आकर गिरा। कांच भी टूटकर सीट और बोगी के अंदर गिरे थे तब किसी को चोट नहीं आई थी। पटरियों को उड़ाने की भी हुई थी साजिश
उदयपुर-डूंगरपुर रेल लाइन पर जावर माइंस के पास नवंबर 2022 में पटरियों को उड़ाने की साजिश हुई थी, जिसमें विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया और बाद में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया था और एक नाबालिग को हिरासत में लिया था।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.