सोशल मीडिया की नकली दुनिया में अच्छा दिखने की चाह में रील बना रहे दो युवकों की जिदंगी जरा सी लापरवाही के कारण हमेशा के लिए खत्म हो गई। वीरवार को रेलवे ट्रैक पर रील बना रहे दोनों युवकों की पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मरने वालों में शिवम (18) पुत्र महेश तिवारी मूलरूप से गांव इटाइली, जिला टीकमगढ़ मध्य प्रदेश का रहने वाला था जबकि दूसरे युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
जीआरपी थाने की जांच अधिकारी एएसआई उर्मिला ने बताया कि वीरवार सुबह 11:05 बजे छोटूराम नगर रेलवे फाटक के पास दिल्ली-रोहतक पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई। आसपास के लोगों की सूचना पर जब जीआरपी मौके पर पहुंची तो दोनों शव ट्रैक के पास पड़े थे। एक युवक का शव रेलवे लाइन के बीच में था जबकि दूसरे का कुछ दूरी पर। दोनों के पास से कोई दस्तावेज नहीं मिला। इस पर दोनों शव मोर्चरी में रखवा दिए थे।
देर शाम एक शव की शिवम के रूप में शिनाख्त हुई। छोटूराम नगर में किराये पर रहने वाले गोलू ने बताया कि मरने वालों में एक उसका बड़ा भाई शिवम है। वे दोनों भाई मां रजनी के साथ यहां करीब पांच साल से रह रहे हैं। बताया कि शिवम बहादुरगढ़ स्थित रिलैक्सो जूता फैक्टरी में काम करता था।
प्रत्यक्षदर्शी बोले-दोनों युवकों ने नहीं सुनी ट्रेन की आवाज
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि दोनों युवक रेलवे ट्रैक पर रील बना रहे थे। इसी बीच दिल्ली से रोहतक जा रही पैसेंजर ट्रेन आ गई। एक दो लोगों ने आवाज भी लगाई लेकिन ट्रेन की आवाज अधिक होने के कारण वे सुन नहीं सके और हादसे का शिकार हो गए।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.