गांव भावड़ में बुधवार को हुआ 12वीं कक्षा का अंग्रेजी का पेपर लीक हो गया था। इसको लेकर दो सुपरवाइजरों को ड्यूटी से हटा दिया गया है। सोशल मीडिया पर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें पेपर लीक की बात कही जा रही है।
उन्होंने बताया कि भावड़ गांव में प्रश्नपत्र के क्यूआर कोड से पेपर आउट किया गया है। परीक्षा केंद्र के अधीक्षक की तरफ से संबंधित परीक्षार्थी पर पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराए जाने की प्रक्रिया चल रही है। वहीं, बोर्ड मुख्यालय इसके अन्य स्रोत का पता लगाया जा रहा है कि इसमें कौन-कौन शामिल है।
गोहाना खंड शिक्षा अधिकारी राजेंद्र सांगवान ने बताया कि भावड़ में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के आखिरी कमरे से 12वीं कक्षा का अंग्रेजी विषय का प्रश्नपत्र लीक किया गया है। संबंधित छात्रा विद्या सागर स्कूल की बताई जा रही है। दो सुपरवाइजर को ड्यूटी से हटा दिया गया है। इनमें से एक सुपरवाइजर निजी स्कूल का अध्यापक था जिसकी ड्यूटी बोर्ड ने लगाई थी।
दो साल पहले भी हिंदी का पेपर हुआ था लीक
दो साल पहले भी भावड़ गांव का यह स्कूल चर्चा में आया था। तत्कालीन शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. वीपी यादव ने बताया था कि राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल भावड़-1 से हिंदी का प्रश्नपत्र आउट हो गया है। इस पर बोर्ड ने नियंत्रण कक्ष रोहतक से संचालित एसटीएफ-2 उड़नदस्ते को मौके पर भेज कर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। एसटीएफ-2 ने पाया कि परीक्षा केंद्र से एक परीक्षार्थी ने पेपर को वायरल किया है। इसके बाद परीक्षा को रद्द कर दिया गया था।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.