सिटी रिपोर्टर | भागलपुर पेट्रोल टैंकर में छिपाकर झारखंड से समस्तीपुर विदेशी शराब ले जा रहे दो तस्कर को बरारी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। टैंकर के अंदर 416 कार्टन शराब (3773 लीटर) लेकर झारखंड के कोडरमा घाटी से तस्कर चले थे। पुलिस ने वाहन चेकिंग के लिए रोका तो ड्राइवर ने गाड़ी की स्पीड बढ़ा दी, लेकिन जाम के चलते वह आगे नहीं जा सका। तबतक विक्रमशिला टीओपी के पास पुलिस ने गाड़ी फिर से रोक ली। पेट्रोल टैंकर से किसी तरह का स्मेल नहीं आया तो जवानों ने ठोंक कर चेक किया तो आवाज अलग आयी, इससे पता चला कि उसके अंदर लिक्विड नहीं है। फिर ड्राइवर से पूछताछ हुई तो उसने स्वीकार लिया। वहां से टैंकर लेकर बरारी पुलिस थाने आ गयी। यहां टैंकर खोलकर देखने पर शराब की बड़ी खेप निकली। दोनों तस्कर मो. इरफान (25) और मो. जावेद (23)मुजफ्फरपुर जिला में सकरा के रहनेवाले हैं। सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह ने गुरुवार को प्रेस कांफ्रेंस में खुलासा किया। पुलिस ने जांच किया तो छोटू नाम के व्यक्ति से मोबाइल पर इनकी बातचीत हो रही थी। इसमें पता चला समस्तीपुर के दलसिंहसराय में शराब की डिलीवरी होनी थी। मो. जावेद हाल में ही दिल्ली के तिहाड़ जेल से आर्म्स एक्ट में जमानत पर छूटकर बाहर आया था। ये लोग पू्र्व में भी शराब तस्करी में पकड़े गए थे। एक बार वर्ष 2021 में बांका में छह चक्का ट्रक से शराब लाने के दौरान पकड़ाया था। दूसरी बार गोपालगंज में पिकअप से यूपी के कुशीनगर से शराब लेकर आने के दौरान धराया था। छापेमारी के दौरान ये पुलिस अफसर शामिल बिट्टू कुमार कमल थानाध्यक्ष बरारी, पुलिस अवर निरीक्षक पुष्पराज, शुभम तिवारी, विजय पासवान, सहायक अवर निरीक्षक कुंदन पंजियारा, सिपाही संतोष कुमार पासवान, हरि नारायण गौरव, गोंड।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.