फरीदाबाद। सेक्टर-34 में रहने वाले एक व्यक्ति से टेलीग्राम टास्क के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी कुशल सिंह और रामनरेश राजस्थान के करौली जिले के रहने वाले हैं। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसके व्हाट्सएप पर कम समय में ज्यादा मुनाफा कमाने का एक विज्ञापन आया था जिसमें दिए गए लिंक पर क्लिक करते ही वह एक टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ गया। इसके बाद ठगों ने उसे टास्क पूरा करने का लालच दिया और अलग-अलग किस्तों में उससे कुल 9.63 लाख रुपये निवेश करा लिए।
जब पीड़ित को कोई पैसा वापस नहीं मिला तो उसे ठगी का अहसास हुआ। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी कुशल सिंह का बैंक खाता इस ठगी में इस्तेमाल किया गया था जिसमें 95 हजार रुपये आए थे। कुशल ने अपना खाता रामनरेश को दिया था जिसने इसे आगे ठगों तक पहुंचाया। पकड़े गए आरोपियों में से कुशल 10वीं पास है जबकि रामनरेश ने बीए किया हुआ है। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया है ताकि गिरोह के बाकी सदस्यों का पता लगाया जा सके।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.