रामगढ़ थाना क्षेत्र में रामगढ़ कोर्ट के पास एक सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा तब हुआ, जब रामगढ़ से बोकारो की ओर जा रहे एक दस चक्का ट्रक ने पीछे से एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
मृतक की पहचान मूरबंदा निवासी 19 वर्षीय फल देव महतो के रूप में हुई है, जो मोटरसाइकिल चला रहा था। घायलों में 60 वर्षीय सुखदेव महतो और 24 वर्षीय राहुल महतो शामिल हैं। तीनों एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर रामगढ़ में बुजुर्ग सुखदेव महतो का इलाज कराकर घर लौट रहे थे।
बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर
हादसे में फल देव महतो के सिर पर ट्रक का चक्का चढ़ जाने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सुखदेव महतो को हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया है। राहुल महतो को पैर में हल्की चोटें आई हैं।
राहुल महतो ने बताया कि वे रामगढ़ में इलाज कराकर लौट रहे थे, तभी पीछे से दस चक्का ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे वे गिर पड़े।
सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने फल देव महतो के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को भी अपने कब्जे में लेकर थाने ले आई है और आगे की कार्रवाई कर रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.