भोपाल में नए साल के जश्न की तैयारियां पूरे शहर में जोरों पर हैं। 31 दिसंबर की रात होटल, पब, रेस्टोरेंट और ढाबों में जश्न मनाने की योजना बनाई गई है। सुरक्षा और कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भोपाल पुलिस ने पुख्ता इंतजाम कर लिए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 1500 पुलिसकर्मी शहर के नए और पुराने हिस्सों में 140 चेकिंग पॉइंट्स पर तैनात रहेंगे। सामूहिक रूप से न्यू ईयर पार्टी आयोजित करने के लिए आयोजकों को पुलिस से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। पुलिस ने सड़क पर ब्रीथ एनालाइजर और बॉडी वार्नर कैमरे के साथ चेकिंग की शुरुआत एक दिन पहले ही कर दी है।
पुलिस लगातार गश्त करेगी
जश्न के दौरान होने वाले ड्रिंक एंड ड्राइव, सड़क हादसे और झगड़ों जैसी घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस लगातार गश्त करेगी। वरिष्ठ अधिकारियों ने निर्देश दिए हैं कि चेकिंग के दौरान बॉडी वार्न कैमरे हमेशा चालू रहें, ताकि किसी भी घटना का रिकॉर्ड उपलब्ध हो। साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने वालों की ब्रीथ एनालाइजर से जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
ध्वनि प्रदूषण पर सख्त निगरानी
पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण (विनियमन और नियंत्रण) अधिनियम-2000 के तहत भी निर्देश जारी किए हैं। इसके अनुसार रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक लाउडस्पीकर और डीजे बजाना प्रतिबंधित है। कुछ शर्तों के तहत परिसर के अंदर धीमे साउंड में रात 12 बजे तक ही लाउडस्पीकर और डीजे बजाने की अनुमति दी गई है। रात 12 बजे के बाद पूरी तरह साउंड बंद करने के निर्देश भी दिए गए हैं। कानून का उल्लंघन करने पर पार्टी आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- MP: रिटायर्ड प्रोफेसर को 28 दिन तक डिजिटल अरेस्ट रखा, वसूले एक करोड़ 34 लाख रुपये; मामले में 11 आरोपी गिरफ्तार
भोपाल पुलिस का लक्ष्य है कि नए साल का जश्न सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से मनाया जा सके, और असामाजिक तत्वों द्वारा उत्पन्न किसी भी तरह की परेशानी को रोका जा सके।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.