Tips & Tricks: चाय और आटा छानने की छलनी रोज इस्तेमाल में आने वाले बर्तन हैं जिनकी सफाई बेहद जरूरी है. खासकर चाय छानने वाली छलनी कुछ दिनों में बहुत गंदी और काली हो जाती है और इसे चमकाना आसान नहीं होता. आज हम आपको कुछ टिप्स और ट्रिक्स बताएंगे, जिनकी मदद से छलनी को साफ किया जा सकता है.
घर की रसोई में कई ऐसे छोटे-छोटे बर्तन होते हैं जिनका हम रोज इस्तेमाल करते हैं, लेकिन उन पर ध्यान तभी जाता है जब वे खराब हो जाते हैं. छलनी भी उन्हीं में से एक है – चाय बनाने से लेकर आटा छानने तक इसका बार-बार उपयोग होता है.

लगातार पानी, दूध, चाय की पत्ती और तेल के संपर्क में रहने से छलनी में जंग लगना, गंदगी चिपक जाना और चिकनाई जमना बिल्कुल आम बात है. कई बार महिलाएं चाय वाली छलनी से घी भी छान लेती हैं, जिससे यह और ज्यादा चिपचिपी हो जाती है. ऐसे में इसे साफ करना मुश्किल लगता है और नई छलनी लेने की नौबत आ जाती है.

पलामू जिले की किचन एक्सपर्ट शर्मीला सुमी ने बताया कि किचन में रखे कई समान की सफाई करने में परेशानी बढ़ जाती है. सबसे आसान और प्रभावी उपाय है छलनी को उबालना. एक पैन में पानी डालें और उसमें गंदी छलनी को रखकर 5 से 7 मिनट तक उबलने दें. गर्म पानी की भाप और तापमान गंदगी को ढीला कर देता है. थोड़ा ठंडा होने के बाद किसी पुराने टूथब्रश या स्टील ब्रश से रगड़कर साफ कर दें – छलनी तुरंत चमक उठेगी.
Add News18 as
Preferred Source on Google

बेकिंग सोडा रसोई का ऐसा जादुई पदार्थ है जो जिद्दी चिकनाई पर तुरंत असर करता है. गर्म पानी में छलनी डालें और ऊपर से 2–3 चम्मच बेकिंग सोडा मिलाएं. पानी को उबलने दें, जिससे सोडा अपना काम कर सके. बाद में ब्रश की मदद से हल्के हाथों से साफ करें. जमी हुई तेल की परत और कालेपन के दाग मिनटों में गायब हो जाते हैं.

उन्होंने आगे कहा कि अगर छलनी बहुत ज्यादा गंदी हो गई है, तो नींबू का रस और डिटर्जेंट का मिश्रण सबसे बेहतर है. एक पैन में गुनगुना पानी लें, उसमें डिटर्जेंट पाउडर और थोड़ा नींबू निचोड़ दें. इस घोल में छलनी को डुबोकर 5 मिनट छोड़ दें. नींबू की खटास चिकनाई को काट देती है और स्टील पर नई चमक आ जाती है.

इन सभी प्रक्रियाओं के बाद छलनी को ब्रश से अच्छी तरह रगड़ें, ताकि जाली में फंसे कण पूरी तरह निकल जाएं. ध्यान रखें, छलनी को हमेशा बहते पानी में ही धोएं, इससे गंदगी तुरंत निकल जाती है.

रोजाना इस्तेमाल के बाद छलनी को तुरंत धोकर सुखा लें. चाय के दानों को जाली में जमने न दें और तेल वाली वस्तु छानने के बाद हल्का गरम पानी जरूर डालें. इससे गंदगी चिपकेगी नहीं.

उन्होंने कहा कि थोड़ी-सी मेहनत और इन आसान घरेलू तरीकों से आपकी स्टील की छलनी बिल्कुल नई जैसी दिखने लगेगी. न जंग, न गंदगी बल्कि चमक और साफ-सफाई जो रसोई को और ज्यादा हाईजीनिक बनाती है. महिलाएं इन ट्रिक्स को अपनाकर रोजमर्रा के छोटे कामों को और आसान बना सकती हैं.