Last Updated:
Holi Dahi Vada Recipe: जमशेदपुर में होली का जश्न दही-बड़े के बिना अधूरा है. उड़द दाल के नरम बड़े, ताजा दही और इमली की चटनी का यह संगम न केवल स्वाद बढ़ाता है, बल्कि त्योहार की रौनक में चार चांद लगा देता है. जानिए क्यों लौहनगरी के घरों में यह पकवान आज भी पहली पसंद बना हुआ है.
जमशेदपुर: होली का त्योहार रंगों, उमंग और स्वादिष्ट पकवानों के बिना अधूरा माना जाता है. जैसे ही होली नजदीक आती है, हर घर में कुछ खास बनाने की तैयारी शुरू हो जाती है. इन्हीं खास पकवानों में दही बड़ा का नाम सबसे ऊपर आता है. बच्चे हों या बुजुर्ग, सभी को दही बड़ा बेहद पसंद होता है. होली पर घर आने वाले मेहमान भी अक्सर सबसे पहले दही बड़े की ही फरमाइश करते हैं, क्योंकि ठंडा-ठंडा दही बड़ा रंग खेलने के बाद शरीर को ठंडक और ताजगी देता है.
जानिए बनाने की विधि
दही बड़ा बनाने के लिए सबसे पहले उड़द दाल की तैयारी की जाती है. एक कप अच्छी क्वालिटी की उड़द दाल लें और उसे 5–6 घंटे या रातभर साफ पानी में भिगो दें. भीगने के बाद दाल को अच्छे से धो लें और मिक्सी में बहुत कम पानी डालकर गाढ़ा और चिकना पेस्ट पीस लें. ध्यान रखें कि घोल ज्यादा पतला न हो. पिसी हुई दाल में नमक डालें और हाथ या चम्मच से अच्छी तरह फेंटें, ताकि उसमें हवा भर जाए और बड़े मुलायम बनें.
बड़े को नरम बनाने के लिए करें ये उपाय
अब कढ़ाही में तेल गरम करें. हाथों को हल्का गीला करके दाल के छोटे-छोटे बड़े बनाते हुए गरम तेल में डालें. मध्यम आंच पर बड़े सुनहरे होने तक तलें. तलने के बाद बड़े निकालकर हल्के गुनगुने पानी में 10–15 मिनट के लिए डाल दें. इससे बड़े नरम हो जाएंगे. फिर हाथ से हल्का दबाकर अतिरिक्त पानी निकाल लें और अलग रख दें.
अब दही देने की बारी
अब बारी आती है दही की. ताजा और खट्टापन रहित दही लें, उसमें थोड़ा नमक और भुना हुआ जीरा पाउडर डालकर अच्छे से फेंट लें. एक सर्विंग प्लेट में रखें और ऊपर से अच्छी मात्रा में फेंटा हुआ दही डाल दें, ताकि बड़े पूरी तरह ढक जाएं. यही दही दही बड़े को ठंडा और स्वादिष्ट बनाती है, जो होली के दिन खास तौर पर पसंद की जाती है.
इमली की चटनी और हरी चटनी डालें
इसके बाद मीठी इमली की चटनी और हरी चटनी डालें. मीठी चटनी के लिए इमली को भिगोकर उसमें गुड़ या चीनी मिलाकर पकाया जाता है. ऊपर से लाल मिर्च पाउडर, चाट मसाला और भुना जीरा छिड़कें. चाहें तो अनार दाने या बारीक सेव से गार्निश भी कर सकते हैं. रंग-बिरंगे मसालों से सजा दही बड़ा होली की थाली में अलग ही रौनक ला देता है.
त्योहार में मजा होगा दोगुना
होली के दिन जब रंग खेलने के बाद परिवार और मेहमान एक साथ बैठकर ठंडा-ठंडा दही बड़ा खाते हैं. तो त्योहार का मजा दोगुना हो जाता है. यह न सिर्फ स्वाद में लाजवाब होता है, बल्कि पेट को ठंडक और सुकून भी देता है. यही वजह है कि होली और दही बड़ा एक-दूसरे के बिना अधूरे लगते हैं.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.